नागपुर, संवाददाता:मानकापुर क्षेत्र के बगदादी नगर में स्थित राणा डेकोरेशन के गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल विभाग ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे गोदाम से अचानक धुआँ उठता दिखा। देखते ही देखते आग फैल गई और गोदाम में रखे सजावट का सामान, प्लास्टिक मटेरियल, कपड़े, जैसी सामग्री धू-धूकर जलने लगी।
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत मानकापुर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की सात गाड़ियां आग बुझाने में लगाई गई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। दमकल विभाग ने प्राथमिक जाँच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। फ़ायर ब्रिगेड और फ़ील्ड की टीम विस्तृत जांच में जुटी है। नुकसान का सटीक आकलन जाँच रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।











