स्थानीय विद्यार्थियों के अधिकारों पर डाका, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जिला परिषद पहुंचे नागरिक
अमरावती जिले में RTE प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। केवठा बु. गांव के नागरिकों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय विद्यार्थियों को नजरअंदाज कर फर्जी किरायानामों के आधार पर बाहरी विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को शिकायत सौंपी। उनका कहना है कि RTE कानून के अनुसार संबंधित क्षेत्र के स्थायी निवासी बच्चों को प्रवेश प्रक्रिया में प्राथमिकता मिलनी चाहिए, लेकिन कुछ लोगों ने कथित रूप से झूठे किरायानामे तैयार कर खुद को केवठा बु. का निवासी दर्शाया और बच्चों का प्रवेश करा लिया।
नागरिकों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करने की भी मांग उठाई गई है। ग्राम पंचायत केवठा बु. द्वारा भी इस विषय पर प्रस्ताव पारित किए जाने की जानकारी निवेदन में दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी शिक्षा विभाग को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय विद्यार्थियों के साथ अन्याय होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो जिला परिषद परिसर में आंदोलन किया जाएगा।













