गोवंश तस्करी के खिलाफ संगठन का बड़ा कदम
नागपुर में अवैध गोमांस बिक्री पर सख्ती की मांग
नागपुर सनातन युवा संगठन और गरुड़ दल ने नागपुर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपीन इटनकर को ज्ञापन सौंपकर शहर में संचालित अवैध बूचड़खानों, गोवंश तस्करी और अवैध गोमांस बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि शहर और आसपास के कई इलाकों में अवैध गतिविधियां खुलेआम जारी हैं, जिससे कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि बिना अनुमति संचालित सभी अवैध बूचड़खानों को तत्काल बंद किया जाए। साथ ही गोवंश तस्करी और अवैध गोमांस बिक्री में शामिल लोगों पर महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अवैध गतिविधियों में उपयोग किए जाने वाले वाहनों को जब्त किया जाए और दोषियों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। संगठन ने पूरे शहर में विशेष जांच और निगरानी दल गठित करने की मांग भी उठाई है, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
संगठन का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो जनआक्रोश बढ़ सकता है। फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










