बढ़ती गर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशवासियों से आग्रह
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। देश में बढ़ती गर्मी और तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से अधिकतम सावधानी बरतने की अपील की है। पीएम मोदी ने लोगों से आग्रह करते कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी रखें, दूसरों को भी पानी पिलाएं, ऐसी नेक भावना का बहुत महत्व होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग भीषण गर्मी में खास तौर से असुरक्षित होते हैं। गर्मी से होने वाली थकावट के लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। अगर संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें।
मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूंगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं, ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें। पीएम मोदी ने आगे लिखा, इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें। देश में 25 मई से शुरू हुए नौतपा ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं तापमान को बढ़ा दे रही हैं। तापमान लगातार बढ़ने की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
भरपूर मात्रा में पानी पीने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें।













