इस बार 3 दिन लेट, 7 दिन भारी बारिश का अनुमान; राजस्थान समेत 24 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। मानसून केरलम पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरलम आने पर मुहर लगा दी है। अगले 2-3 दिन में यह गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु को कवर कर सकता है। भारत मौसम विभाग के निदेशक जनरल डॉक्टर एम. महापात्र के मुताबिक, इस साल मानसून तय समय से 3 दिन की देरी से पहुंचा है। इससे पहले 15 मई को आईएमडी ने मानसून के आगमन पर पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा था- दक्षिण पश्चिम मानसून 26 मई को केरलम पहुंच सकता है। लेकिन ये 10 दिन की देरी के साथ आया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, केरलम, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 7 दिन में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में प्री मानसून एक्टिविटी के असर से आंधी-बारिश देखने को मिल सकती है। इस बार मानसून 3 दिन लेट है। आमतौर पर यह 1 जून को केरलम पहुंचता है। इसके बाद डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है। 17 सितंबर के आसपास राजस्थान के रास्ते वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरा हो जाता है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना समेत 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश, ओले गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी दो दिन के लिए यलो अलर्ट है। भारत मौसम विभाग ने इस साल जून से सितंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के दौरान देश के अधिकतर हिस्सों में औसत से कम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा था कि चार महीनों के दरम्यान औसतन 90 फीसदी तक बारिश हो सकती है। अलनीनो के असर के कारण बारिश में कमी की संभावना 60 फीसदी तक है। (पेज 6 पर)
2 से 3 दिनों में महाराष्ट्र पहुंचेगा
अब इसका मूवमेंट महाराष्ट्र की ओर शुरू हो गया है। इसलिए कहा जा रहा है कि किसानों को बुआई की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। भारतीय हवामान विभाग के अधिकारी सनप के मुताबिक, अब केरलम में मानसून के प्रवेश के बाद अगले दो से तीन दिनों में यह महाराष्ट्र में प्रवेश कर सकता है। महाराष्ट्र में मानसून के आगमन के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। इस साल मानसून चार दिन देरी से केरलम में दाखिल हुआ है। सनप ने कहा कि अगले 2 से 3 दिनों में महाराष्ट्र के तालकोकन, गोवा इलाकों में मानसून आ जाएगा। इस बीच, अब जब मानसून आ गया है, तो घरों की मरम्मत की जानी चाहिए और किसानों को बुआई के लिए बीज और उर्वरक की सलाह दी जानी चाहिए। शहरी क्षेत्र में नाला सफाई व अन्य जरूरी कार्य जल्द से जल्द पूरा करने की भी अपील की गई है।












