भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने की अपील
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। पीओके में हिंसा पर भारत ने पाकिस्तान सेना व वहां की पुलिस की तरफ से की जा रही कार्रवाई की निंदा की है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप करने की मांग की है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भीषण पुलिस बर्बरता की खबरें हैं, जिसमें कई प्रदर्शनकारी मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस पर भारत की प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, इस संदर्भ में हम पाकिस्तान की ओर से फर्जी खबरों और वीडियो का एक सिलसिला लगातार देख रहे हैं। यह अपनी विफलताओं को छिपाने और अपने मानवाधिकारों के उल्लंघन से ध्यान भटाने का पाकिस्तान का एक हताशापूर्ण प्रयास है। हम उम्मीद करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके दुष्कर्मों और अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराएगा। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। रावलाकोट में ज्वॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएसी) के प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलीबारी में दर्जनों लोगों की मौत हो गई है, जबकि 70 से अधिक घायल हुए हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बंद कर दी गई हैं तथा बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हो रही हैं। पाकिस्तान सरकार की तरफ से मीडिया पर काफी पाबंदी लगाई गई है, लेकिन यूरोप के कुछ मीडिया में स्थानीय रिपोर्टों के मार्फत जो खबर दिखाई जा रही है, उसके मुताबिक पाकिस्तान सरकार इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए कड़ी कार्रवाई कर रही है। साथ ही स्थानीय जनता में आक्रोश बढ़ने की बात भी आ रही है।












