देश में रविवार को अलग-अलग हादसों में 23 से अधिक लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के मालशिरस इलाके में एक पिकअप वाहन के कुएं में गिरने से 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लातूर में कूजर और क्रेटा की टक्कर में तीन लोगों ने जान गंवाई। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के मुरैना में उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई। आग की आशंका से घबराए यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरने और कूदने लगे। इसी दौरान आगरा की ओर से मुरैना जा रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर झारखंड में वज्रपात की चपेट में आकर 8 लोगों की मौत हो गई।
सोलापुर। महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के मालशिरस इलाके में म्हसवाड़-पंढरपुर मार्ग पर तांडुवाड़ी गांव के पास एक भीषण हादसा हो गया। एक पिकअप वाहन के कुएं में गिरने से 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक पंढरपुर इलाके के रंजनी गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, अब तक 8 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, मालशिरस इलाके में म्हसवाड़-पंढरपुर मार्ग पर तांडलवाड़ी गांव के पास एक पिकअप वाहन के कुएं में गिरने से भीषण दुर्घटना हो गई है। इस दुर्घटना में पंढरपुर इलाके के रंजनी गांव के 8 लोगों की डूबने से मौत हो गई है। मृतकों में वो लोग भी शामिल हैं जो म्हसवाड़ में सिद्धनाथ के दर्शन करने गए थे।
यह दुर्घटना मालशिरस तालुका के तांडलवाड़ी गांव के पास उस समय हुई जब वे अपने गांव लौट रहे थे। हादसे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, कहा जा रहा है कि ड्राइवर के नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। यह कुआं सड़क के किनारे था। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी इस कुएं में गिर गई। कुआं पानी से भरा हुआ था। कुएं में कोई रेलिंग नहीं थी, इसलिए पिकअप सीधे पानी में चली गई और इस दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। यह भी बताया गया है कि इस घटना में मारे गए 8 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। मृतकों में 4 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 2 लोग इस हादसे में बच गए हैं। घटना के बाद कुएं के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और सभी राहत कार्य में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण बचाव कार्य में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और घायलों के उपचार की प्रक्रिया जारी है, जबकि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 की मौत
रांची। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रवेश कर गया है। पिछले 24 घंटे में हुई भीषण बारिश के बीच वज्रपात की चपेट में आकर प्रदेशभर में 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस आसमानी मौत से लोग काफी डरे हुए हैं। मृतकों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और गुमला सहित 7 जिलों के लिए बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया था। देशभर में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक तरफ बारिश गर्मी से राहत लेकर आ रही है तो दूसरी तरफ कई लोगों के लिए यही बारिश अब आफत बन गई है।
ट्रेन में आग की अफवाह के बाद कूदे यात्री, बगल से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच सरायछौला थाना क्षेत्र के हेतमपुर स्टेशन के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक यात्री का मोबाइल फटने के बाद आग लगने की अफवाह फैल गई। इसके बाद किसी ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। आग की आशंका से घबराए यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरने और कूदने लगे। इसी दौरान कुछ यात्री दूसरी रेलवे लाइन पर पहुंच गए। उसी समय आगरा की ओर से मुरैना जा रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में आफरिन पत्नी नदीम खान (35) निवासी सुल्तानगंज की पुलिया, आगरा, उनका चार वर्षीय बेटा असद खान, शकुंतला पत्नी भूरी सिंह परमार (60) निवासी कचहरा थोक, रुनकता, आगरा तथा विरमा देवी पत्नी गिरधारी गिरी (60) निवासी गेसोरा, थाना महाजन, जिला बीकानेर (राजस्थान) शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार रविवार शाम 4:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग किए जाने के कारण ट्रेन सेक्शन में रुक गई थी। ट्रेन रुकने के दौरान कुछ यात्री नीचे उतरकर समीपवर्ती रेलवे लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से यात्रियों के हताहत होने की सूचना मिली।














