विक्टोरिया, एजेंसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करते हुए कहा कि सेशेल्स के साथ हमारा दशकों का और विश्वास का रिश्ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर आपके सामने खड़ा होना मेरे लिए खास सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अपने साथ भारत के 1.4 अरब लोगों की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई लेकर आया हूं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मोदी को अब तक 34 देशों का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है। सम्मान मिलने पर पीएम मोदी ने सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मनी का आभार जताया। पीएम मोदी ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित किया। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि सेशेल्स से भारत का रिश्ता सिर्फ 50 साल पुराना नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत अगस्त 1770 में हुई थी। जब थेलेमाक जहाज से यहां 5 भारतीय पहुंचे थे।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर मैंने 2015 में इंडियन ओशन रीजन में जिस पहले देश का दौरा किया, वह सेशेल्स था। उन्होंने कहा कि मैं यहां इसलिए आया क्योंकि मेरा मानना है कि हिंद महासागर के लिए भारत के विजन में सेशेल्स की एक खास जगह थी। जब मैं एक दशक बाद यहां लौटा हूं, तो यह यकीन पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। आपकी आजादी के 50 साल पूरे होने के मौके पर आपके साथ शामिल होकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारी दोस्ती 50 साल पहले हमारे डिप्लोमैटिक रिश्ते बनने से शुरू नहीं हुई थी। यह बहुत पहले, अगस्त 1770 में शुरू हुई थी। स्टी एनी आइलैंड पर थेलेमाक जहाज पर आने वालों में पांच भारतीय थे। उस सफर ने कई और लोगों को रास्ता दिखाया जो उनके पीछे आए। जलवायु न्याय और भारत-सेशेल्स के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यायसंगत जलवायु कार्रवाई की आवश्यकता को रेखांकित किया और कहा कि ग्लोबल साउथ, विशेष रूप से द्वीप राष्ट्र, जलवायु परिवर्तन की खामियाजा भुगत रहे हैं।
❝ मन की बात : समंदर से आसमान तक भारत सुरक्षित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात के 135वें एपिसोड में देश की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और योग की वैश्विक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि बीते छह महीनों में भारत ने ऐसे कई काम किए हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए। पीएम मोदी ने खास तौर पर स्वदेशी रक्षा उत्पादन, भारतीय नौसेना की बढ़ती ताकत और देश में तैयार हो रहे मेड इन इंडिया सी-295 विमान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समुद्र से लेकर आसमान तक भारत की सुरक्षा लगातार मजबूत हो रही है और इसके पीछे स्वदेशी तकनीक की बड़ी भूमिका है। प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और घरेलू रक्षा उद्योग को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में केवल रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का ही जिक्र नहीं किया, बल्कि योग, रोजगार और समाज सेवा जैसे विषयों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि जून महीने में भारत ने कई ऐसे मुकाम हासिल किए हैं, जो देश की क्षमता और आत्मविश्वास को दुनिया के सामने मजबूती से पेश करते हैं। पीएम मोदी ने भारतीय नौसेना में शामिल हुए नए स्वदेशी पोतों, सी-295 विमान की पहली उड़ान, विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत के शानदार प्रदर्शन और महाराष्ट्र के एक परिवार की अनूठी सामाजिक पहल का उदाहरण देते हुए देशवासियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2026 का आधा साल बीतने को है। इन छह महीनों में हमने मन की बात में देशवासियों की अनेक उपलब्धियों पर चर्चा की है। जून महीने में भी देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो हर देशवासी को गर्व से भर देती हैं। ये सफलताएं देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं।












