मुख्यमंत्री फडणवीस ने जताया शोक
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। भारतीय रंगमंच की दिग्गज निर्देशक और अभिनेत्री विजया मेहता का मंगलवार रात उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। मराठी रंगमंच को नई दिशा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।
जाने-माने अभिनेता विजय केंकरे ने बताया कि बाई के नाम से जानी जाने वाली मेहता का दक्षिण मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। केंकरे ने कहा, उनका निधन रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ। मुझे उनकी बेटी के जरिये उनके निधन की जानकारी मिली। यह मेरी व्यक्तिगत क्षति है। वह मेरी गुरु रही हैं। केंकरे ने इस दिग्गज फिल्म निर्माता के 90 के दशक के टीवी धारावाहिक लाइफलाइन में मुख्य सहायक के रूप में काम किया था और कई अन्य परियोजनाओं पर भी उनके साथ करीबी से जुड़े रहे थे। एक फिल्म निर्माता के रूप में, उन्होंने राव साहब (1986) और पेस्टनजी (1988) जैसी हिंदी भाषा की स्वतंत्र (इंडी) फिल्मों का निर्देशन किया और इन दोनों ही फिल्मों को काफी सराहना मिली। केंकरे ने कहा, वह बेहतरीन निर्देशकों में से एक थीं, वह हर काम को बेहद बारीकी से करने वाली इंसान थीं। वह सचमुच महान थीं। अभिनय के क्षेत्र में विजया मेहता ने गोविंद निहलानी की 1984 की फिल्म पार्टी में भी काम किया था।
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानी-मानी रंगकर्मी एवं निर्देशक और अभिनेत्री विजया मेहता के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनके निधन के साथ मराठी रंगमंच के एक युग का अंत हो गया। फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कहा कि मेहता ने एक अभिनेत्री, निर्देशक और निर्माता के तौर पर अपने काम से रंगमंच तथा सिनेमा की दुनिया में अपनी एक खास पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि एक अभिनेत्री के तौर पर पहचान बनाने के बाद उन्होंने कई मशहूर नाटकों का निर्देशन किया और रंगमंच कलाकारों की कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि फिल्मों में भी उनके काम की काफी तारीफ हुई थी। मुख्यमंत्री ने कहा, विजया मेहता का निधन प्रदर्शन कला की दुनिया में एक पीढ़ी के अहम अध्याय के खत्म होने जैसा है। मेहता के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए फडणवीस ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं।












