गुजरात-मध्य प्रदेश में एटीएस की बड़ी कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने के आरोप में गुजरात के विभिन्न जिलों और मध्य प्रदेश से आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपियों की उम्र 18 और 19 वर्ष है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी गुजरात में एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि सात आरोपियों को गुजरात से और एक को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
एटीएस के एक अधिकारी ने बताया, आठों आरोपियों को बृहस्पतिवार को गुजरात के विभिन्न जिलों और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। वे प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं और गुजरात में एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क खड़ा करने के लिए उसकी ओर से सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। एटीएस ने गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बनासकांठा के निवासी अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला (19), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला (22) और इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा (30) निवासी बनासकांठा तथा जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा (21), मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा (40) और मोहम्मद अमीन शेरा (21) निवासी पाटन जिला; नवसारी जिले के निवासी मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी (22); और बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा (18) निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आठों आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही, भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और आपराधिक साजिश से जुड़ी ‘भारतीय न्याय संहिता’ की धाराओं को भी इसमें शामिल किया गया है।













