लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश)। लखीमपुर खीरी जिले में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। खीरी शहर थाना क्षेत्र के ओयल कस्बे के पास उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की बस और एक वैन की आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो साल के बच्चे सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक मृतकों में पिपरिया गांव निवासी वैन चालक सुनील (25), मितौली थाना क्षेत्र के दतेली गांव का दो वर्षीय सरफराज, बुधराम और रमाशंकर शामिल हैं। एक मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। हादसे में घायल 10 लोगों में से सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया, जबकि तीन का इलाज ओयल स्थित जिला अस्पताल में चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकल्प शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद और मुआवजे का आश्वासन दिया।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि यह हादसा ओयल मोड़ (लखीमपुर-सीतापुर राजमार्ग) पर हुआ। सड़क के दूसरी लेन पर मरम्मत कार्य चल रहा था, जिसके चलते दोनों ओर का यातायात एक ही लेन पर डायवर्ट किया गया था। इसी दौरान रोडवेज बस और वैन में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
डीएम ने कहा कि बस यात्रियों को किसी तरह की चोट नहीं आई है, लेकिन वैन में सवार अधिकांश लोग गंभीर रूप से घायल हुए। मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और अधिकतम मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।











