बड़ा हादसा टला, 30 यात्री सवार थे
लोकवाहिनी संवाददाता
वाशिम। कारंजा से वाशिम की ओर आ रही खुराना ट्रैवल्स की एक बस शुक्रवार (26 जून) तड़के रेलवे ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। चालक का नियंत्रण खोने के बाद बस रेलवे ओवरब्रिज के समीप डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे बनी तीन से चार टीन शेड की दुकानों में जा घुसी। हादसे में चालक सहित चार से पांच लोग घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। पुसद हाईवे पर रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उसे पार करते हुए दुकानों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। तेज धमाके से बस में सो रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और पुलिस मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायल चालक और यात्रियों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना में सड़क किनारे स्थित दुकानों को भारी नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि हादसा तड़के हुआ, उस समय दुकानें बंद थीं और आसपास कोई मौजूद नहीं था। यदि यह दुर्घटना दिन में या व्यस्त समय में होती, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय निजी बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने परिवहन विभाग से निजी बसों की नियमित जांच, गति नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।












