नागपुर। पांचपावली क्षेत्र स्थित हीरा स्वीट के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फूड लाइसेंस रद्द कर दिया है। जानकारी के अनुसार, एफडीए अधिकारियों द्वारा की गई जांच के दौरान मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में उत्पादन प्रक्रिया के बीच एक मृत चूहा पाए जाने से हड़कंप मच गया। यह मामला सामने आते ही अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। जांच में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने का निर्णय लिया।
एफडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना के बाद शहर के नागरिकों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं प्रशासन ने अन्य मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी देते हुए नियमित सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।













