चंद्रशेखर बावनकुले का बड़ा फैसला
मुंबई। राज्य में जमीन खरीदनी है तो संबंधित व्यक्ति का ‘किसान’ होना अनिवार्य होगा। आगे से किसान होने का वैध प्रमाण दिए बिना राज्य में कोई भी व्यक्ति जमीन नहीं खरीद सकेगा। इसके लिए पूरे राज्य में जमाबंदी आयुक्त के माध्यम से जमीनों की ‘मैपिंग’ कर नई सख्त व्यवस्था तैयार की जा रही है, यह जानकारी राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विधानसभा में दी।
धुले के विधायक अनूप अग्रवाल ने धुले जिले के वडजाई, पिंपरी और नरवहाल में हुए जमीन घोटाले और दूसरे राज्यों के लोगों द्वारा नियमों के विरुद्ध जमीन खरीदने का मुद्दा उठाया था। इसका जवाब देते हुए राजस्व मंत्री ने भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त आदेश दिए। धुले जिले की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि, विभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम के नेतृत्व में एक स्वतंत्र व्यवस्था खड़ी कर इन लेन-देन की जांच की जाएगी।












