नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का एक विमान मंगलवार सुबह वायुमंडलीय अस्थिरता (टर्बुलेंस) के कारण हवा में अपनी निर्धारित ऊंचाई से अचानक लगभग 300 फुट नीचे आ गया, जिससे विमान में सवार कम से कम 15 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, घायल होने वालों में चालक दल का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हुआ है। एयर इंडिया का ए-320 श्रेणी का विमान फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान संख्या ‘आई2379’ का संचालन कर रहा था। विमान पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर गया। सूत्रों के अनुसार, विमान में 134 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
निर्धारित ऊंचाई से अचानक नीचे आया विमान, बाल-बाल बचे 134 यात्री
सूत्रों ने बताया कि इस घटना में चालक दल (केबिन क्रू) के चार सदस्यों समेत कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, एयर इंडिया का ए-320 विमान (पंजीकरण संख्या वीटी-एक्सएसओ), जो फुकेत-दिल्ली उड़ान संख्या एआई2379 का संचालन कर रहा था, उड़ान के दौरान लगभग 300 फुट नीचे आ गया। उन्होंने कहा, विमान के पायलट ने बताया कि विमान के लगभग 300 फुट नीचे आने के कारण एक केबिन क्रू सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया तथा कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि उड़ान के दौरान क्रूज चरण में विमान को थोड़े समय के लिए वायुमंडलीय अस्थिरता का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया।













