भारत की व्यापार शक्ति, उपलब्धियों और आकांक्षाओं का विराट उत्सव
भारत की व्यापारिक शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को एक भव्य मंच प्रदान करने वाला “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026” आगामी 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इसका संयुक्त आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) द्वारा किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह करेंगे। भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि “मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया, मेड फॉर वर्ल्ड” की भावना का जीवंत प्रदर्शन होगा। आज भारत मंडपम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री तथा दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल सहित कैट के देश भर के वरिष्ठ व्यापारी नेताओं ने भारत मंडपम में भूमि पूजन समारोह के साथ महोत्सव की औपचारिक तैयारियों ने एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पड़ाव पूरा किया।
एक महोत्सव—अनेक भारत
श्री खंडेलवाल ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों के भारतीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्प, आधुनिक विनिर्माण, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और ब्रांड्स के विशाल प्रदर्शन के साथ बीबीएम में कुछ ऐसे विशेष थीम पवेलियन होंगे, जो इसे सामान्य व्यापार मेलों से अलग पहचान देंगे।
एप्टीट्यूड पैवेलियन— भारत से दुनिया तक व्यापार का नया द्वार भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (एफ़टीए) पर आधारित विशेष पैवेलियन व्यापारियों और उद्यमियों को यह बताएगा कि बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारतीय उत्पादों के लिए नए बाजार और निर्यात के अवसर कहाँ हैं। यह पैवेलियन विशेष रूप से “लोकल टू ग्लोबल” के संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम बनेगा।
राष्ट्रीय गौरव पैवेलियन— 12 वर्षों में बदलता भारत
श्री खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों की भारत की विकास यात्रा, आर्थिक परिवर्तन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप इकोसिस्टम, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा तथा राष्ट्रीय गौरव से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यह पवेलियन “विकसित भारत की यात्रा” से “विकसित भारत के संकल्प” तक की कहानी प्रस्तुत करेगा।
एबिलिटी एक्सपो— प्रतिभा को अवसर, दिव्यांग उद्यमियों को पहचान
दिव्यांग उद्यमियों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों के उत्पादों एवं उद्यमों के लिए विशेष एबिलिटी एक्सपो आयोजित किया जाएगा। इसका संदेश स्पष्ट होगा— “क्षमता किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती; अवसर मिले तो प्रतिभा अपनी पहचान स्वयं बनाती है।”
नारी वंदन पैवेलियन— नारी शक्ति से आर्थिक शक्ति
महिला उद्यमियों, महिला उद्यम, कारीगरों और नवाचार करने वाली महिलाओं को विशेष मंच देते हुए “नारी वंदन पैवेलियन” महिला शक्ति को आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने का अनूठा प्रयास होगा।
स्टार्ट हब पैवेलियन— युवाओं के सपनों को स्टार्टअप की उड़ान
युवा उद्यमियों, स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और नए बिजनेस आइडियाज को प्रोत्साहित करने के लिए “स्टार्ट हब पैवेलियन” विशेष आकर्षण होगा। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला और नए व्यवसाय खड़े करने वाला भारत बनाने की दिशा में प्रेरित करना है।
भारत बाजार— भारत के हर कोने का उत्पाद एक छत के नीचे
देश के विभिन्न राज्यों से आए उत्पादों के माध्यम से बीबीएम में भारत की विविधता, स्थानीय उत्पादन और क्षेत्रीय विशिष्टताओं का जीवंत प्रदर्शन होगा। एक भारत—श्रेष्ठ भारत की भावना को बाजार और व्यापार के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाला यह क्षेत्र भारतीय उपभोक्ताओं को देश के अलग-अलग हिस्सों के उत्पादों से जोड़ने का अवसर देगा।
इनोवेशन तथा टेक्नोलॉजी— परंपरा से तकनीक तक
श्री खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार की यात्रा केवल पारंपरिक कारोबार तक सीमित नहीं है। बीबीएम में आधुनिक तकनीक, डिजिटल कॉमर्स, एआई, फिनटेक, लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स और नए-एज बिजनेस सॉल्यूशंस को भी प्रमुखता दी जाएगी, ताकि भारतीय व्यापारी और एमएसएमई भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो सकें।
व्यापार के हर आयाम का संगम
बीबीएम में व्यापारियों, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरर्स, एक्सपोर्टर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, रिटेलर्स, स्टार्टअप्स, इन्वेस्टर्स, अंतर्राष्ट्रीय बिजनेस डेलीगेट्स और आम उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यापारिक संपर्क, नया बाजार, नए साझेदार और नए अवसर पैदा करना है। भारतीय व्यापार महोत्सव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के तीन महत्वपूर्ण आर्थिक मंत्र वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत को एक ही मंच पर साकार करने का प्रयास है। यह महोत्सव देश के करोड़ों व्यापारियों, कारीगरों, एमएसएमई, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को यह संदेश देगा कि भारत केवल दुनिया के लिए बाजार नहीं, बल्कि दुनिया के लिए उत्पाद, सेवाएं, इनोवेशन और एंट्रेप्रेंयोरशिप देने वाला वैश्विक आर्थिक केंद्र बन सकता है।
बीबीएम का मूल संदेश
“भारत का हर उत्पाद—एक संभावना, हर उद्यमी—एक शक्ति, हर युवा—एक भविष्य, और हर भारतीय बाजार—एक वैश्विक अवसर।” भारतीय व्यापार महोत्सव इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत की व्यापारिक शक्ति, आर्थिक आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।













