टू सिस्टर फार्महाउस में छापा, 24.63 लाख का माल जब्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। कलमना थाना क्षेत्र के पावनगांव स्थित ‘टू सिस्टर फार्महाउस’ में जुए का अड्डा चलाने का खुलासा हुआ है। अपराध शाखा यूनिट-5 की टीम ने फार्महाउस पर छापा मारकर पैसे की बाजी लगाकर ताश खेल रहे 16 आरोपियों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान नकदी राशि, मोबाइल फोन, कार और दोपहिया वाहनों समेत कुल 24 लाख 63 हजार 750 रुपए का माल जब्त किया गया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही सात आरोपी मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा यूनिट-5 की टीम को जानकारी मिली थी कि कलमना थाना क्षेत्र के पावनगांव स्थित टू सिस्टर फार्महाउस में पैसों की बाजी लगाकर ताश के पत्तों पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने फार्महाउस पर दबिश दी। छापे के दौरान आरोपी पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए रंगेहाथ मिले। पुलिस ने मौके से 72 हजार 750 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, आरोपियों के पास से 17 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 6 लाख 20 हजार रुपए है, दो कारें कीमत करीब 9 लाख रुपए तथा सात दोपहिया वाहन कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपए जब्त किए। इसके अलावा फरार आरोपियों के मौके पर मिले पांच मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है, तथा जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो दरियां भी जब्त की गईं। जब्त माल की कुल कीमत 24 लाख 63 हजार 750 रुपए बताई गई है।
कारਵਾਈ में गौरव गेंदलाल यादव, रोशन आनंदराव उमरेडकर, गणेश ज्ञानचंद नवेश, कुणाल खुबचंद पाटील, सांगर भीमराव सोमकुंवर, संदीप भाऊरावजी नागरीकर, कैलास किसनराव डोंगरे, हर्षल महादेव डेकाटे, धर्मेंद्र राजेश साहू, निकेश राजू श्रीपाते, प्रकाश रवि सिंह, अभिषेक अनिल गोरे, आकाश रामू गुप्ता, शेख रेहमैन, सचिन रमेश डाले और तुषार छोटूजी लोणारे को पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक कानून की धारा 4 और 5 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। आकाश रामू गुप्ता के खिलाफ 14 मामले, जबकि तुषार छोटूजी लोणारे के खिलाफ 30 गंभीर मामले दर्ज हैं। निकेश श्रीपाते पर तीन, जबकि गणेश नवेश और कैलास डोंगरे पर एक-एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।











