वर्धा। राज्य में जलसंधारण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री सुधाकरराव नाईक की जयंती तथा जलसंधारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वर्धा में महा वॉकैथॉन का आयोजन किया गया। मिट्टी और जल संरक्षण के प्रति जनलारूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस वॉकथॉन को नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला।
महा वॉकैथॉन की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पुतला चौक से हुई। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित लोगों ने मिट्टी और जल संरक्षण की शपथ ली। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूरज गोहाड़, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी अरविंद उपरीकर, जिला परिषद के जिला जलसंधारण अधिकारी आशीष गंधे, कृषि विज्ञान केंद्र सेलसुरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक जीवन काटोर्रे, मृद एवं जलसंधारण विभाग के उपअभियंता सुदेश ससाने, अक्षय बेंद्रे, निकिता देशमुख सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य उपस्थित थे। वॉकथॉन डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक से शुरू होकर महात्मा गांधी चौक, शासकीय विश्रामगृह, नगर परिषद, कारागार और पोस्ट ऑफिस के सामने से होते हुए वापस आंबेडकर चौक पहुंची। यहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में मिट्टी और जल संरक्षण से संबंधित संदेश लिखे फलक लेकर जनलारूकता की।














