प्रोफेसर डुला को छुट्टी पर भेजा, साहिल के पिता बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी हो
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डुला को मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईआईटी मुंबई ने छात्र की आत्महत्या के बाद हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच सोमवार को डुला को प्रशासनिक मामलों के डीन पद से हटा दिया था। सूत्रों ने बताया कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए डीन पद से हटाए जाने के बाद प्रोफेसर डुला को छुट्टी पर भेजा गया है। फिलहाल कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं। वहीं संस्थान ने जांच के लिए 10 सदस्यीय हाईलेवल कमेटी बनाई है। कमेटी मौत से पहले की परिस्थितियों और आरोपों की जांच करेगी। इसकी अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रो. रमेश वेंकटेश्वरन करेंगे। कमेटी एक हफ्ते में रिपोर्ट देगी। साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने एफआईआर में नामजद आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी कमेटी से ज्यादा निष्पक्ष जांच और बेटे के लिए न्याय चाहिए। परिवार ने कहा कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी करेंगे।














