पिकनिक मनाने आए थे, गहरे पानी में उतरने से मौत, पुलिस ने सभी के शव निकाले
रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को पुणे से पिकनिक मनाने आये आठ छात्रों की समुद्र तट के पास डूबने से मौत हो गई। सभी छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 11वीं और 12वीं कक्षा के ये छात्र पुणे जिले के आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान ‘विनर्स एकेडमी’ के एक समूह का हिस्सा थे। जानकारी के मुताबिक, आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 42 छात्र ट्रिप पर दिवेआगार आए थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 25 लड़कों, 17 लड़कियों और छह शिक्षकों का एक समूह दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले समुद्र तट पर पिकनिक मनाने गया था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी 8 छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाल लिए गए। शवों को बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। बता दें कि रायगढ़ जिले में कोंकण तट पर स्थित दिवेआगार बीच अपनी खूबसूरती, साफ-सफाई और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबे इस समुद्र तट पर सफेद रेत, नीला समुद्र और आसपास की हरी-भरी पहाड़ियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। यही वजह है कि पुणे से 8 छात्र यहां घूमने आए और हादसे का शिकार हो गए। समुद्र में जाने के कुछ ही देर बाद वे तेज बहाव और बदलते पानी के स्तर की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सभी छात्र डूब गए। हालांकि समुद्र में अचानक उठी तेज लहरों को हादसे की वजह बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाहर से आने वाले पर्यटकों और छात्रों को समुद्र की गहराई और पानी के बदलते स्तर का सही अंदाजा नहीं होता। ऐसे में उन्हें समुद्र में उतरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचा। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और वहां मौजूद पर्यटकों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। काफी प्रयासों के बाद सभी 8 छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
मंत्री अदिति तटकरे ने जताया दुख
मंत्री अदिति तटकरे ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि बचाए गए छात्रों के इलाज के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन छात्रों के संपर्क में है। उन्होंने मानसून के मौसम को देखते हुए शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की बात कही। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद दिवेआगार बीच पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मृत छात्रों के परिवारों को भी हादसे की जानकारी दी जा रही है। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा अजितदादा पवार ने रायगढ़ जिलाधिकारी से दूरभाष के माध्यम से संवाद साधकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही बचावकार्य, राहतकार्य और स्थिति पर प्रशासन के माध्यम से तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए। दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने दुःख व्यक्त किया है और प्रशासन को आवश्यक सभी सहायता और कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए हैं।













