नागपुर। सोनेगांव थाना क्षेत्र में अगस्त में हुए कथित हिट एंड रन मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने मकोका के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह महज सड़क हादसा नहीं था, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते शेख अकरम उर्फ भूरू शेख रहमान को जीप से टक्कर मारकर जान से मारने की कथित साजिश रची गई थी। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी शेख मोहसिन उर्फ बाबा टाइगर शेख मूसा (30), निवासी ताजनगर, मानकापुर को पुलिस ने शेगांव स्टेशन से दबोचा।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11.30 से 11.40 बजे के बीच शेख अकरम उर्फ भूरू को जीप कंपास से टक्कर मार दी गई थी। घटना में अकरम गंभीर रूप से घायल हुए थे। शिकायत के आधार पर सोनेगांव पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस के सामने आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश और कथित साजिश की बात सामने आई। सभी आरोपी संगठित गिरोह के सदस्य बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहसिन उर्फ बाबा टाइगर गिरोह का प्रमुख है। आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज होने के चलते प्रकरण में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) की धाराएं भी बढ़ाई गई थीं। मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मोहसिन और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी थी।
क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने समानांतर जांच के दौरान तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर मोहसिन के अकोला क्षेत्र में होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से नागपुर की ओर आ रहा है। टीम ने शेगांव स्टेशन पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सोनेगांव पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन समेत करीब एक लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है।














