11.20 लाख का माल जब्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर के ड्राई डे से ठीक पहले नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वर्धा-नागपुर हाईवे पर एक सिल्वर ग्रे रंग की स्कॉर्पियो को रोककर उसमें ले जाई जा रही देशी-विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम 30 सितंबर की रात अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो में वर्धा से नागपुर की ओर अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर हिंगणा थाना क्षेत्र में नागपुर-वर्धा हाईवे स्थित सोल रूफटॉप होटल के सामने पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो क्रमांक एमएच-20-डीजे-4740 को रोका।
वाहन की पंचों के समक्ष तलाशी लेने पर उसमें देशी भिंगरी संतरा नंबर-1 की 1000 बोतलें, रॉयल चैलेंज की 48 बोतलें, मैजिक मोमेंट्स की 48 बोतलें, रॉयल स्टैग 180 एमएल की 96 बोतलें और रॉयल स्टैग 90 एमएल की 96 बोतलें बरामद हुईं। कुल 1,288 बोतल शराब जब्त की गई।
आरोपी योगेश गणेश आकोडे (34), निवासी आखरी बस स्टॉप, हुड़केश्वर, नागपुर के पास से शराब, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 20 हजार 480 रुपये का माल जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ हिंगणा थाने में महाराष्ट्र दारूबंदी कानून की धारा 65(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच हिंगणा पुलिस कर रही है।













