500 करोड़ के कथित मामले की आईपीएस शैलेश बलकवडे करेंगे जांच
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। मराठा आरक्षण आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटील द्वारा सामने लाई गई 500 करोड़ रुपये की कथित ऑडियो क्लिप को लेकर राज्य में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इसी बीच इस मामले में एक बड़ी जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की गहन जांच के लिए मुंबई पुलिस आयुक्त को विशेष जांच दल गठित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बलकवडे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एसआईटी के गठन की आधिकारिक घोषणा की गई है। इस ऑडियो क्लिप में सनसनीखेज दावा किया गया था कि सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से मनोज जरांगे को 500 करोड़ रुपये दिए गए थे।
जरांगे ने सरकार से मांग की थी कि इस ऑडियो क्लिप की निष्पक्ष जांच की जाए और इसके पीछे के सूत्रधारों को सामने लाया जाए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल जांच की प्रक्रिया शुरू करते हुए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। पुलिस आयुक्त देवेन भारती की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, क्लिप में विभिन्न व्यक्तियों के नाम और कथित तौर पर बड़ी रकम के लेन-देन का उल्लेख होने के चलते मामले की फोरेंसिक जांच और निष्पक्ष पड़ताल की जाएगी। एसआईटी की अध्यक्षता दक्षिण प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त शैलेश बलकवडे करेंगे। पुलिस उपायुक्त विजयकांत सागर और बजरंग बनसोडे को टीम का सदस्य बनाया गया है।














