नागपुर। सूखे की मार से परेशान किसानों को हौसला और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों के बीच दिवाली मनाई। नरखेड़ तहसील के लोहारी सावंगा गांव में उन्होंने किसान रामभाऊ बालपांडे के घर रात बिताई। परिवार के साथ भोजन किया, किसानों से संवाद किया और सुबह घर की महिलाओं के हाथों से बना तरी पोहा नाश्ते में लिया। सुबह घर से विदा होते समय मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके साथ दिन बहुत आनंद में बीता। रात में अच्छी नींद आई। इस दौरान परिवार की अरुणाताई ने भाई के प्रति स्नेह जताते हुए मुख्यमंत्री का औक्षण किया और आग्रह किया कि अगले साल भाभी को भी साथ लेकर आइए।
सप्ताह में चार दिन नाश्ते में पोहा खाते हैं मुख्यमंत्री
लोहारी सावंगा में मुख्यमंत्री ने किसान रामभाऊ बालपांडे के घर शाम का भोजन किया। किसानों से बातचीत के बाद परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया और वहीं रात्रि विश्राम किया। सुबह नाश्ते में तरी पोहा खाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें पोहा बहुत पसंद है और सप्ताह में कम से कम चार दिन उनके नाश्ते में पोहा रहता है। रात में ठंड के कारण परिवार ने घर के परिसर में अलाव जलाया था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने मुझे बताया नहीं, वरना मैं भी लंबे समय बाद अलाव का आनंद लेता। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार की मुंबई निवासी रिश्तेदार रामेश्वरी सावरकर से मोबाइल पर बातचीत की और कहा कि मुंबई में कोई परेशानी हो तो उनसे जरूर मिलें।
किसान परिवार में अभ्यंग स्नान और भाऊबीज
दिवाली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसान परिवार में ही अभ्यंग स्नान किया। अरुणाताई ने भाऊबीज का पारंपरिक अनुष्ठान किया।
खेतों में पहुंचकर फसलों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कलमेश्वर तहसील के कोहली गांव में किसान बाबूराव काले के खेत पहुंचकर फसलों का निरीक्षण किया। बारिश की कमी के कारण खेतों में कपास और तुअर की फसलें सूख रही हैं। इससे किसान परेशान हैं। मुख्यमंत्री ने किसान को आश्वासन दिया कि इस कठिन परिस्थिति में किसानों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि सूखा राहत प्राप्त करने के लिए सामान्यतः एग्रीस्टैंक पंजीकरण आवश्यक होता है, लेकिन मौजूदा सूखे की स्थिति को देखते हुए राहत के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के बजाय ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई है। निरीक्षण दौरे में विधायक चरणसिंह ठाकुर, राजीव पोतदार, किसान वसंतराव चापले, संदीप सरोदे, दिनेश दापले, सरपंच विपिन चापले, नलिनी सतीश रेवतकर, मनोहर कुंभारे सहित अन्य किसान मौजूद थे। जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
15 दिसंबर तक बोरवेल पर लगी रोक में छूट
मौजूदा सूखे की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों को राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत है, वहां पेड़ों को बचाने और केवल कृषि कार्यों के लिए खेतों में बोरवेल (विंधन कुओं) पर लगी रोक को विशेष छूट के तहत 15 दिसंबर तक हटाया जा रहा है।

















