पटाखों के विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। लक्ष्मीनूपजन के दिन पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. चार युवकों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना रविवार मध्यरात्रि करीब 12.30 बजे बजाजगर पुलिस थाना क्षेत्र के देवनगर चौक में हुई. मृतक की पहचान अमन उर्फ बॉबी सपाटे (27) के रूप में हुई है. हत्या के बाद मुख्य आरोपी अक्षय मडावी अपने तीन साथियों के साथ फरार हो गया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमन अपने कुछ दोस्तों के साथ एक मित्र का जन्मदिन मनाने जाने वाला था. इसके लिए उसने पहले अपने दोस्तों को देवनगर चौक पर बुलाया था. रात में दोस्तों के पहुंचने के बाद अमन वहीं पटाखे फोड़ रहा था. इसी दौरान आरोपी अक्षय भी अपने वाहन से चौक पर पहुंचा और उसने अपना वाहन खड़ा किया. अमन वाहन के सामने पटाखे फोड़ रहा था. इस बात को लेकर अक्षय ने उससे विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी. देवनगर चौक जैसे व्यस्त इलाके में शुरू हुआ विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया.
चार आरोपियों ने किया जानलेवा हमला
विवाद बढ़ने पर गुस्साए अक्षय मडावी और उसके तीन साथियों ने अमन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि अमन लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा. गंभीर चोटों के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी अक्षय मडावी पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रहा है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है.
शोरूम में आग के बीच हत्या से मची अफरा-तफरी
लक्ष्मीनूपजन की रात बजाजगर पुलिस थाना क्षेत्र के सावरकरनगर इलाके में दोपहिया शोरूम में भीषण आग लगी थी. रिहायशी इलाके में आग फैलने से जनहानि की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और दमकल वाहनों के लिए रास्ता खाली कराया था. पुलिस का एक हिस्सा आग की घटना से निपटने में व्यस्त था. इसी दौरान मध्यरात्रि करीब 12.30 बजे देवनगर चौक में हत्या की वारदात सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पुलिस निरीक्षक का तबादला
लक्ष्मी पूजा के दिन देवनगर पुलिस थाना क्षेत्र में कुख्यात गुंडे द्वारा एक युवक की हत्या के बाद, पुलिस आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए बजाजगर पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक चेतन चव्हाण का तबादला मुख्यालय कर दिया. फिलहाल, सब-इंस्पेक्टर शिंदे को थाने का कार्यभार सौंपा गया है.
















