4 गिरफ्तार, 18.34 ग्राम एमडी पाउडर बरामद
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। उपराजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ बेलतरोड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18.34 ग्राम एमडी पाउडर बरामद किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एमडी पाउडर, दो मोबाइल फोन और एक अर्टिगा कार समेत कुल 16 लाख 6 हजार 700 रुपये का माल जब्त किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच बेलतरोड़ी पुलिस का जांच दल इलाके में पेट्रोलिंग कर रहा था. इसी दौरान नागपुर-वर्धा रोड पर खापरी परिसर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास न्यू पंजाबी ढाबे के सामने खड़ी सफेद रंग की अर्टिगा कार (सीजी-08-वाई-5760) में सवार चार युवक पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिए. पुलिस ने कार के पास जाकर जांच की और उसमें बैठे युवकों से पूछताछ की. उनकी पहचान भूषण रमेश कुरसंगे (36), निवासी चिंचभवन, वर्धा रोड; नीतेश सुभाष साहू (26), निवासी दहेगांव रंगारी; सौरभ सतीश लश्करे (23), निवासी चिंचभवन और मोहित गजानन भाजीपाले (23), निवासी डोंगरगांव, वर्धा रोड के रूप में हुई. आरोपियों के पास नशीला पदार्थ होने के संदेह पर पुलिस ने एनडीपीएस कानून के प्रावधानों का पालन करते हुए पंचों की मौजूदगी में तलाशी ली.
इस दौरान मुख्य आरोपी भूषण कुरसंगे की लोअर पैंट की जेब में रखी सफेद जिपलॉक पन्नी से 18.34 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एमडी पाउडर बिक्री के लिए लेकर आए थे. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बेलतरोड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. जांच में मुख्य आरोपी भूषण कुरसंगे के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड होने की जानकारी भी सामने आई है. आगे की जांच जारी है.

















