विचार : मेघेवाड़ी, पवनार में जयंती पर समाधि स्थल पर अर्पित की गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
लोकवाहिनी, संवाददाता
वर्धा। दत्तोजी मेघे का व्यक्तित्व नेतृत्व, कर्तृत्व और दातृत्व का अनुठा संगम था। उनका नेतृत्व मिलना हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने राजनीति के साथ समाजसेवा को प्राथमिकता देते हुए अपने संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मदद की। अनेक विधायक, सांसद और मंत्री तैयार करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। विरोधियों के प्रति भी उन्होंने कभी कटुता नहीं रखी और जीवनभर सभी की सहायता करने की भावना बनाए रखी। उनके कार्यों से समाजसेवा की नई सीख मिलती है। यह प्रतिपादन पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने किया। दत्तोजी मेघे की जयंती के अवसर पर मेघेवाड़ी, पवनार स्थित उनके समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पालकमंत्री डॉ. भोयर बोल रहे थे। उन्होंने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पण की।
इस अवसर पर विधायक अभिजीत वंजारी, पूर्व सांसद रामदास तडस, पूर्व विधायक सागर मेघे, स्मिता मेघे, नगर परिषद अध्यक्ष सुधिर पांगुल, हभप सयाजी महाराज, प्रकाश वाघ महाराज, किरण पांडव, सुनील गफाट, संजय गाते, अशोक कलोडे, अजय गांडोले और अभ्युदय मेघे सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। डॉ. भोयर ने कहा कि दत्तोजी मेघे के संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उनके सहयोग और मदद का अनुभव रहा है। अनेक लोगों ने अपने व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में उनसे मिले सहयोग की यादें साझा कीं। राजनीतिक सफर में कई सहयोगी उनके साथ आए और कुछ समय बाद अलग भी हो गए, लेकिन उन्होंने कभी किसी के बारे में गलत टिप्पणी नहीं की। विरोधी दलों के नेताओं के प्रति भी उन्होंने हमेशा सम्मान का भाव रखा। उनका पूरा प्रयास यही रहता था कि जरूरतमंदों की किस प्रकार मदद की जा सके। उन्होंने दत्तोजी मेघे के विचारों और सामाजिक कार्यों की विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सभी से मिलकर विभिन्न सामाजिक चलाने का आह्वान किया। विधायक अभिजीत वंजारी ने दत्तोजी मेघे को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व कर्तृत्व, नेतृत्व और दातृत्व का त्रिवेणी संगम था। वहीं, पूर्व सांसद रामदास तडस ने कहा कि दत्तोजी मेघे भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य आज भी समाज में जीवित हैं। उन्होंने हमेशा लोगों के सुख-दुःख में सहभागी बनकर जरूरतमंदों की मदद की। कार्यक्रम में संजय गाते ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रस्तावना सागर मेघे ने रखी। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दत्तोजी मेघे की स्मृतियों को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिले में बनेंगी 673 पांणड सड़कें, 27 करोड़ रुपये होंगे खर्च : पालकमंत्री
किसानों को खेतों तक बारहमासी सड़क सुविधा उपलब्ध कराने, खेती को कामकाज को आसान बनाने और कृषि उपज का परिवहन निर्बाध रूप से करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बलिराजा खेत पांणड सड़क योजना महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की रोजमर्रा की समस्याएं दूर करने में मदद मिलेगी। यह प्रतिपादन पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर के हाथों किया। दत्तोजी मेघे की जयंती के अवसर पर पवनार स्थित मामा-भाचा समाधि के पास मुख्यमंत्री बलिराजा खेत पांणड सड़क योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर के हाथों किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रामदास तडस, पूर्व विधायक सागर मेघे, स्मिता मेघे, मुख्यमंत्री बलिराजा खेत पांणड सड़क समिति के सह-अध्यक्ष अशोक कलोडे, सुनील गफाट, संजय गाते और अजय गांडोले सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
डॉ. भोयर ने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। किसानों को खेती के विभिन्न कार्यों के सालभर अपने खेतों तक पहुंचना आवश्यक होता है। इस योजना के माध्यम से खेतों तक बारहमासी सड़कें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इन सड़कों के निर्माण से ट्रैक्टर, कृषि यंत्रों और अन्य वाहनों की आवाजाही आसान होगी। बुआई, जुताई और कटाई जैसे कार्यों के लिए आवश्यक साधन समय पर खेतों तक पहुंच सकेंगे। वहीं, फसल कटाई के बाद कृषि उपज को बाजार ले जाने में होने वाली परेशानी भी कम होगी। इससे परिवहन का समय और खर्च बचाने में मदद मिलेगी। जिले में कुल 673 पांणड सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें आर्वी विधानसभा क्षेत्र में 112, देवली में 162, हिंगणघाट में 198 और वर्धा विधानसभा क्षेत्र में 201 सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों पर कुल 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पालकमंत्री डॉ. भोयर ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य तेजी से और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

















