वरुण बेवेरेजेस का 2,100 करोड़ का निवेश, 550 लोगों को रोजगार मिलने का अवसर, फडणवीस की उपस्थिति में समझौता
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राज्य में कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और दुग्ध उत्पादों के प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों के लिए मूल्य संवर्धन के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से वरुण बेवेरेजेस लिमिटेड कंपनी ने वर्धा जिले के आर्वी में 2,100 करोड़ रुपये का निवेश कर एक अत्याधुनिक एकीकृत उत्पादन प्रोजेक्ट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस प्रोजेक्ट से 550 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में वर्षा निवास पर वरुण बेवेरेजेस लिमिटेड और महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) के बीच इस प्रोजेक्ट के संबंध में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। फलों के जूस, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों पर आधारित उद्योगों के विकास में सहायक इस निवेश से स्थानीय किसानों, कृषि से जुड़े सहायक व्यवसायों और समग्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
आर्वी स्थित एमआईडीसी के औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित किए जाने वाले इस प्रोजेक्ट के तहत दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं (एफएमसीजी) और पेय पदार्थों के निर्माण के लिए अत्याधुनिक उत्पादन इकाई बनाई जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार, प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य अप्रैल 2027 से शुरू करने की योजना है। इस निवेश से वर्धा जिले के साथ-साथ विदर्भ के औद्योगिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। (पेज 6 पर)













