दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने की फायरिंग, तीन जवान गंभीर
लोकवाहिनी, संवाददाता
जम्मू। दक्षिण कश्मीर के आखरन-नौपुरा, कुलगाम में बुधवार को हुए आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान घायल हो गए. हमले के बाद फरार हुए आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. हालांकि, किसी भी आतंकी संगठन ने तत्काल इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि यह हमला लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वाड कहे जाने वाले ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के आतंकी लतीफ भट के मॉड्यूल ने किया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर कुलगाम के आखरन-नौपुरा मैं सीआरपीएफ के जवानों ने नाका लगाया हुआ था. नाका पार्टी वहां से गुजरने वाले वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी. इसी दौरान दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक नाके के पास पहुंचे और सीआरपीएफ जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी के बाद वहां मौजूद आम लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सीआरपीएफ के तीन जवान घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. अन्य जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संयम बरता. इसी का फायदा उठाकर आतंकी भागने में कामयाब रहे. हमले की सूचना मिलते ही आसपास के शिविरों से सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर पहुंच गई. उन्होंने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. घायल जवानों को उपचार के लिए जीएमसी, अनंतनाग ले जाया गया.
हमले के पीछे लतीफ भट का हाथ होने का संदेह
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ बटालियन पर हुए आतंकी हमले में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है. इस संदिग्ध आतंकी हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध आतंकियों ने कुलगाम के मीरबाजार इलाके में एक चेकपोस्ट को निशाना बनाया. हमलावर मोटरसाइकिल पर आए, फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. सीआरपीएफ के डीजी जी.पी. सिंह ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है. लश्कर कमांडर लतीफ भट को जम्मू-कश्मीर में सक्रिय बचे हुए स्थानीय आतंकियों में से एक माना जाता है. उसका संबंध केआरए से भी बताया जाता है, जो लश्कर-ए-तैयबा का ही एक मुखौटा संगठन है. माना जाता है कि लश्कर अपनी सीधी भूमिका छिपाने के लिए इस संगठन का इस्तेमाल करता है. लतीफ भट की दक्षिण कश्मीर, विशेषकर कुलगाम, शोपियां और अनंतनाग जिलों में मौजूदगी बताई जाती है. घायल सीआरपीएफ जवानों में सीटी/जीडी राकेश दास, पुत्र अरुण दास, निवासी असम; संतोष चंदू, निवासी बंगाल और मध्य प्रदेश निवासी सोमवीर सिंह शामिल हैं. डॉक्टरों के अनुसार, एक जवान की टांग, दूसरे की बांह और तीसरे की पीठ में गोली लगी है. जवान संतोष चंदू की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस बीच, सुरक्षा बलों ने घटनास्थल के आसपास के सभी इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. सीआरपीएफ, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं.

















