अमरावती। महाराष्ट्र के मंदिर संस्थानों की न्यास व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सक्षम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र देवस्थान समिति और धर्मादाय आयुक्त कार्यालय की संयुक्त पहल पर 5 दिसंबर को राज्यस्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह महासम्मेलन अमरावती के संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक सभागृह में होगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों के मंदिर संस्थानों के अध्यक्ष, न्यासी, पदाधिकारी और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
इस सम्मेलन में राज्य के राजस्व मंत्री तथा अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजकों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। उनके उपस्थित रहने की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र देवस्थान समिति की ओर से राज्य के सभी मंदिर संस्थानों के अध्यक्षों, न्यासियों, पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की गई है, ताकि मंदिरों के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं पर सामूहिक रूप से विचार किया जा सके।
महासम्मेलन में मंदिर संस्थानों की न्यास व्यवस्था में पारदर्शिता, संस्थाओं के कानूनी अधिकार एवं जिम्मेदारियां, न्यासियों के सामने आने वाली प्रशासनिक समस्याएं और संस्थानों के लेखा-जोखा तथा आर्थिक लेन-देन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा देवस्थान इनाम भूमि से जुड़े विवाद, मंदिरों की कृषि भूमि को होने वाले नुकसान का मुआवजा, मंदिर संपत्तियों की सुरक्षा, धर्मादाय आयुक्त कार्यालय से संबंधित कानूनी मुद्दे, मंदिरों का डिजिटलीकरण तथा तीर्थक्षेत्र विकास और पर्यटन के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
















