मुंबई में होगा आयोजन पीएम मोदी ने की घोषणा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। क्वाड मीटिंग में पीएम मोदी ने घोषणा की है कि अगले साल पहले क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम का आयोजन मुंबई में होगा। भारत पहली बार क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम 2027 की मेजबानी करेगा। इसका उद्देश्य चारों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाई पर ले जाना है। वहीं क्वाड बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ खनिजों को लेकर कई नए समझौते किए जाने की जानकारी दी। इन समझौतों से वैश्विक सप्लाई चेन को सुरक्षित करना और विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता और दबाव की आशंकाओं को कम करना उद्देश्य है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, नई प्रौद्योगिकी और आपदा प्रतिक्रिया जैसे मुद्दों पर विश्वसनीय समाधान देने का प्रयास करते हैं।
मोदी ने मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन के इतर आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में ये टिप्पणियां कीं। क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। मोदी ने कहा, पिछले साल जनवरी से अबतक क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार मुलाकात हो चुकी है। यह हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा, भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है। समुद्री सुरक्षा से लेकर भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला तक, और नयी प्रौद्योगिकी से लेकर आपदा के समय मदद तक, हमारी यही कोशिश रही है कि क्वाड पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वसनीय समाधान उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि आज की हमारी बैठक हमें हमारे सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी। भारत ने पिछले साल क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की योजना बनाई थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से हिस्सेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की वजह से यह सम्मेलन नहीं हो सका। (पेज 6 पर)
पीएम मोदी बेहद सख्त इंसान : ट्रंप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आज फिलीपींस की राजधानी मनीला में मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। मनीला में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने एक-दूसरे से मुलाकात की। इस अवसर पर जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज भी मौजूद थे। मुलाकात के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने मोदी को बेहद सख्त इंसान बताते हुए कहा कि उनके साथ उनके अच्छे संबंध हैं। ट्रंप ने क्वाड देशों के साथ अमेरिका के मजबूत रिश्तों का भी उल्लेख किया। वहीं, ईरान को लेकर ट्रंप ने एक अहम बयान देते हुए चेतावनी दी कि यदि वाशिंगटन के खिलाफ कोई खतरा पैदा होता है, तो ईरान को इसके परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी परिस्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि यदि अवसर मिला तो वह निश्चित रूप से उनसे मुलाकात करेंगे। चीन को लेकर भी उन्होंने अपना रुख स्पष्ट किया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चीन के साथ मतभेदों को सुलझाने की दिशा में काम कर रहा है और इस प्रक्रिया के नतीजे निकट भविष्य में सामने आएंगे। ट्रंप ने दावा किया कि अगले 12 महीनों में कुछ चौंकाने वाले फैसले देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वह वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।
मोदी ने जमीन पर रखा तिरंगा उठाया ट्रंप बोले- इसे संभालकर रखिए
फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। बैठक में शामिल होने के लिए जब क्वाड देशों के नेता पहुंचे, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमीन पर रखा भारतीय तिरंगा उठा लिया। यह झंडा बैठक स्थल पर भारत की जगह की पहचान के लिए स्पॉट मार्कर के रूप में लगाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी को तिरंगा उठाते देख अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनसे कहा, ‘इसे संभालकर रखिए।’ इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो व्हाइट हाउस की ओर से जारी किया गया है।

















