पुरुषों और राजनीतिक दलों ने भी दिया समर्थन | तलणी में चक्काजाम आंदोलन
लोकवाहिनी, संवाददाता
यवतमाल। जिले के आर्णी तहसील अंतर्गत तलणी गांव में मन:शांति बार बंद कराने की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों महिलाएं सड़कों पर उतरीं. गांव के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम आंदोलन करते हुए महिलाओं ने शराबबंदी की जोरदार मांग की. ‘खड़ी बोतल को आड़ी करो’, ‘शराब हटाओ, परिवार बचाओ’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. विशेष बात यह रही कि महिलाओं के इस आंदोलन को गांव के पुरुषों, बुजुर्गों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भी खुलकर समर्थन दिया. राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार कर पूरा गांव शराबबंदी की मांग को लेकर एकजुट नजर आया. तलणी गांव में इससे पहले शराब की कोई दुकान नहीं थी. लेकिन मन:शांति बार शुरू होने के बाद से गांव के सामाजिक माहौल और पारिवारिक जीवन पर बुरा असर पड़ने की आशंका ग्रामीणों द्वारा जताई जा रही है.
महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से कई परिवारों का सुख-चैन छिन सकता है. इसी चिंता के चलते उन्होंने बार बंद कराने का बीड़ा उठाया. इस मांग को लेकर ग्रामीणों की ओर से कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए और आंदोलन भी किए गए. लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. इससे महिलाओं में नाराजगी बढ़ती गई. आखिरकार मंगलवार को सैकड़ों महिलाओं ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम आंदोलन किया. आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि महाराष्ट्र शासन के राजपत्र में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार महिला मंडल का ‘आड़ी बोतल’ पद्धति से मतदान कराया जाए और इसके माध्यम से बार बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाए. महिलाओं ने प्रशासन से मतदान की तारीख तत्काल घोषित करने तथा इस संबंध में ग्राम पंचायत को लिखित आदेश देने की मांग की. उनका कहना है कि जब गांव की महिलाएं और नागरिक बार का विरोध कर रहे हैं, तो प्रशासन को इस मामले में जल्द निर्णय लेना चाहिए.
शराबबंदी के मुद्दे पर राजनीतिक मतभेद खत्म
इस आंदोलन की सबसे खास बात यह रही कि शराबबंदी के मुद्दे पर गांव के सभी राजनीतिक मतभेद पीछे छूट गए. महिलाओं के साथ पुरुषों और बुजुर्गों ने भी आंदोलन में सहभागिता दर्ज कराई. विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी एक मंच पर दिखाई दिए. आंदोलन के दौरान पुलिस ने गांव के मुख्य चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी. ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से चक्काजाम आंदोलन किया. महिलाओं के इतने बड़े विरोध के बावजूद मन:शांति बार शुरू रहने पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि परिवारों का नुकसान होने और सामाजिक वातावरण बिगड़ने से पहले प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करना चाहिए. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मन:शांति बार बंद करने की प्रक्रिया जल्द शुरू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में इससे भी अधिक तीव्र आंदोलन किया जाएगा. अब तलणी गांव के लोगों द्वारा एकजुटता के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.
















