जनभागीदारी से ही साकार होगा विकसित गांवों का सपना : जयकुमार गोरे
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज और संत गाडगेबाबा द्वारा दिए गए ग्राम विकास के संदेश को ‘मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान’ के माध्यम से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान से ग्रामीण महाराष्ट्र के विकास को नई दिशा मिल रही है और गांवों में विकास की नई मुहिम खड़ी हो रही है। आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन, गिरते भूजल स्तर और पानी की बढ़ती खपत को देखते हुए प्रत्येक गांव का जल सुरक्षा प्लान तैयार किया जाना चाहिए। अभियान के दूसरे चरण में जल सुरक्षा को महत्वपूर्ण मानदंड बनाया जाना जरूरी है।
यह बात राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कही। रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर ग्राम विकास एवं पंचायतराज मंत्री जयकुमार गोरे, राज्यमंत्री योगेश कदम, वित्त एवं नियोजन राज्यमंत्री एड. आशीष जयस्वाल, विधायक सुधाकर अडबाले, डॉ. राजीव पोतदार, चरणसिंग ठाकुर, करण देवतले, पूर्व विधायक टेकचंद सावरकर, ग्राम विकास एवं पंचायतराज विभाग के सचिव डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार सहित विभिन्न जिलों के जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पंचायत समिति और ग्राम पंचायतों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
बावनकुले ने कहा कि यह अभियान गांव-गांव तक पहुंच चुका है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का नया संकल्प पैदा हुआ है। पुरस्कारों के लिए ग्राम पंचायतों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया है। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज और संत गाडगे बाबा ने स्वच्छता, श्रमदान और ग्राम विकास का जो संदेश दिया था, उसे प्रत्येक गांव में व्यवहार में लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास करते समय भविष्य में आने वाली पानी की कमी और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों को भी ध्यान में रखना होगा। सूखे की आशंका को देखते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत जलस्रोतों का संरक्षण करे और पानी के उचित उपयोग एवं नियोजन पर विशेष ध्यान दे।















