मोदी क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता : पावर इंडेक्स
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। स्वतंत्र थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ के अनुसार, भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश तथा एक प्रमुख ताकत के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है। इस सूचकांक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता आंका गया है। वर्ष 2026 के सूचकांक में भारत का पावर स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। इसके साथ ही चीन और भारत के बीच अंकों का अंतर 2018 के बाद से सबसे कम हो गया है।
सूचकांक के अनुसार, अमेरिका और चीन ‘2026 में एशिया की महाशक्तियां’ हैं तथा 100 में से अमेरिका को 78.9 और चीन को 73.6 अंक मिले हैं। इस साल भारत ने एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाते हुए एक प्रमुख शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है। क्षेत्रीय रक्षा सहयोग बढ़ने और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत के रक्षा संबंध मजबूत हुए हैं। वहीं, व्यापार और निवेश के स्थिर संबंधों के कारण भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा, जिनके आर्थिक संबंध कमजोर नहीं पड़े।
एशिया पावर इंडेक्स 2026 में कहा गया है, भारत का कूटनीतिक प्रभाव बरकरार रहा। विशेषज्ञों ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता माना। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के दौरान भारत की सीमित सक्रियता ने वैश्विक नेतृत्व के रूप में मोदी की छवि को लेकर विशेषज्ञों की राय को प्रभावित किया। वर्ष 2026 में भारत को सांस्कृतिक प्रभाव के क्षेत्र में सबसे अधिक 2.3 अंकों का फायदा हुआ। वहीं, आर्थिक क्षमता के मामले में उसे सबसे ज्यादा 0.7 अंक का नुकसान हुआ। इसके अलावा रक्षा नेटवर्क में 2.1 अंक, भविष्य के संसाधनों में 1.2 अंक और सैन्य क्षमता में 0.5 अंक का सुधार हुआ। इस साल लचीलेपन, आर्थिक संबंधों और कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत के अंक अपरिवर्तित रहे। नवीनतम सूचकांक के अनुसार, आर्थिक क्षमता के मामले में भारत का स्कोर 26.4 और सांस्कृतिक प्रभाव का स्कोर 43.8 रहा। वहीं, कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत को 70.3 अंक मिले। (














