साझा सभ्यता है पहचान : बालेंद्र शाह से बोले पीएम मोदी
नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ विभिन्न मुद्दों पर सोमवार को व्यापक वार्ता के बाद उनके देश के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की। दोनों नेताओं के बीच वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए। दोनों नेताओं ने नेपाल में भारत की सहायता से शुरू की गई कई परियोजनाओं की डिजिटल माध्यम से आधारशिला रखी और उत्तर प्रदेश के अयोध्या एवं नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीमा पार यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई।
शाह द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने के उद्देश्य से रविवार को दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से जारी सीमा विवाद को सुलझाने की प्रक्रिया में चीन और ब्रिटेन को शामिल करने संबंधी शाह की मई में की गई टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव आ गया था। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे पीपल टू पीपल टाइज के धागों से बुने हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर मैंने कहा था नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है। इसी भावना से आज हमने अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। (पेज 6 पर )
अयोध्या-जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन को मोदी-बालेंद्र ने हरी झंडी दिखाई
भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन आज से शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू-कमला एक्सप्रेस को रवाना किया। यह ट्रेन यूपी और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी। पहले दिन 1158 यात्री इसमें सवार हुए। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है। वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ राम बरात लेकर जब मिथिला में जनकपुर पहुंचे थे तब उन्हें 4 दिन लगे थे। अब यही सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा।
8 अहम समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
भारत और नेपाल के बीच आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें सिविल सेवा प्रशिक्षण, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा, शहरी विकास, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने कई कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का संयुक्त उद्घाटन किया, जबकि कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई। भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा है, जहां नागरिक बिना पासपोर्ट और वीजा के आवागमन कर सकते हैं। हालांकि, क्षेत्रीय विवादों और राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों के चलते समय-समय पर रिश्तों में तनाव भी देखने को मिला है। दूसरी ओर, चीन नेपाल में हवाई अड्डों, राजमार्गों और जलविद्युत परियोजनाओं में निवेश के जरिए अपना प्रभाव बढ़ा रहा है।














