लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। भारत और वियतनाम के संबंधों को अब नया आयाम मिल गया है। दोनों देशों ने बुधवार को अपने द्विपक्षीय संबंधों को एन्हैंस्ड कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप तक उन्नत कर दिया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2030 तक दोनों देशों के बीच वार्षिक व्यापार लक्ष्य 25 अरब डॉलर रखने का फैसला किया। बढ़ते भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई वार्ता में व्यापार, रक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मोदी-लाम की बैठक के बाद दोनों पक्षों ने 13 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें डिजिटल पेमेंट्स, दुर्लभ पृथ्वी खनिज (रेयर अर्थ मिनरल्स), फार्मास्युटिकल्स, शिक्षा, बैंकिंग और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में गहन द्विपक्षीय सहयोग की व्यवस्था है। दोनों नेताओं ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन की बढ़ती दबंगई के बीच स्थिति पर भी चर्चा की और कानून के शासन, शांति, स्थिरता तथा समृद्धि में योगदान जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। यह समझा जाता है कि दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों पर भी दोनों पक्षों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में चर्चा हुई। इस माह की शुरुआत में राष्ट्रपति चुने गए तो लाम अपनी पहली राजकीय यात्रा पर मंगलवार को भारत पहुंचे। वे उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं।









