परीक्षा आयोजन को लेकर उच्चस्तरीय समिति के साथ मुख्यमंत्री ने की चर्चा
मुंबई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं का आयोजन अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार की भागीदारी बढ़ाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उच्चस्तरीय कार्यबल के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि ने चर्चा की। वर्षा निवास पर हुई इस बैठक में कार्यबल के सदस्य डॉ. एस. सोमनाथ, शंकर मरुवाडा और राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (एनआरए) की संचालक श्रुति सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एनटीए द्वारा आयोजित की जाने वाली बड़े पैमाने की परीक्षाओं के लिए राज्य में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का प्रभावी उपयोग, प्रत्येक जिले में आवश्यक परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों का प्रशिक्षण तथा परीक्षा आयोजन के लिए जरूरी लॉजिस्टिक प्रबंधन जैसे मुद्दों पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं का आयोजन करते समय राज्य सरकार और परीक्षा आयोजित करने वाली केंद्रीय संस्थाओं के बीच समन्वय की प्रभावी व्यवस्था होना आवश्यक है।















