नागपुर। कॉन्करोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि संगठन के सह-संयोजक सौरभ दास को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जाने से इसलिए रोका गया, क्योंकि सरकार इस बात से ‘ईर्ष्या’ करती है कि 27 वर्षीय युवक को इन प्रतिष्ठित संस्थानों से निमंत्रण मिला था।
गुरुवार को नागपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ रैली से पहले दीक्षाभूमि पहुंचे दीपके ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें, सौरभ दास और पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को इन संस्थानों से निमंत्रण मिला था। पार्टी ने तय किया था कि दीपके और रांका महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जबकि सौरभ दास ब्रिटेन जाकर दोनों संस्थानों के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। हालांकि, हवाई अड्डे पर दास को रोक दिया गया। दीपके ने कहा कि उन्हें लगता है कि कुछ लोगों में असुरक्षा की भावना है। शायद उन्हें इस बात से जलन हुई कि 27 वर्षीय युवक को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से निमंत्रण मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इसलिए भी ईर्ष्या कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें खुद कहीं से ऐसा निमंत्रण नहीं मिल रहा।
‘सत्ता आपकी, संविधान हमारा’
दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन से कांजपा को मुख्यधारा में पहचान मिली। यह आंदोलन बाबासाहेब आंबेडकर और महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलकर सफल हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उसके खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने के तरीके तलाश रही है।
आवाज दबाओगे, तो और बुलंद होंगी : प्रकाश राज
अभिनेता प्रकाश राज ने कहा कि देश में विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज दबाने के जितने प्रयास किए जाएंगे, उनकी आवाज उतनी ही बुलंद होकर सामने आएगी। युवाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए। उनके सवालों का विरोध करने के बजाय उनसे संवाद स्थापित करना जरूरी है। संविधान ने नागरिकों को जो अधिकार दिए हैं, उनकी रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। प्रकाश राज गुरुवार को नागपुर विमानतल पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में ‘सेव कॉन्स्टिट्यूशन’ का आह्वान किया जा रहा है।
प्रकाश राज ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में संविधान द्वारा नागरिकों को दिए गए अधिकारों की रक्षा के बारे में प्रत्येक व्यक्ति को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश में संविधान बचाने की आवाज बुलंद हो रही है। ऐसे में नागरिकों के अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए सभी को एकजुट होकर संवाद करना होगा। प्रकाश राज ने आरोप लगाया कि देश में विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखने वाले नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज दबाने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचारों का सम्मान किया जाना चाहिए और उनके सवालों को सुनकर उनसे बातचीत की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवाज दबाने की कोशिशों से वह कमजोर नहीं होंगी, बल्कि और अधिक तीव्रता से सामने आएंगी।


















