मुंबई। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने हाल के वर्षों में अपने खराब प्रदर्शन का सिलसिला तोड़ने की उम्मीद में शुक्रवार को करिश्माई बल्लेबाज रोहित शर्मा को 2027 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले फिर से टीम का कप्तान नियुक्त किया। मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल खिताब दिलाने वाले रोहित अब हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। पंड्या ‘ट्रेड’ (खिलाड़ियों की अदला-बदली) के तहत तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ हुए सौदे में पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। रोहित (39 वर्ष) ने मुंबई इंडियंस की ओर से जारी बयान में कहा कि मैं आईपीएल के 20वें सत्र और आगे आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार हूं। मैं चाहता हूं कि हमारी पलटन को जश्न मनाने के कई मौके मिलें। हमारा ध्यान अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करना हमेशा मेरे लिए गर्व की बात रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले सत्र को लेकर नीता (अंबानी) भाभी और आकाश (अंबानी) के साथ बातचीत काफी उत्साहजनक रही। मुझे पूरा भरोसा है कि हम मिलकर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
रोहित 2013 में मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे, लेकिन आईपीएल 2023 के बाद उन्हें इस जिम्मेदारी से हटा दिया गया और पंड्या को टीम की कमान सौंपी गई थी। मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते। इसके अलावा 2013 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता था, अब यह प्रतियोगिता बंद हो चुकी है। लेकिन 2020 में आखिरी बार खिताब जीतने के बाद मुंबई की फ्रेंचाइजी का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। टीम 2021 में पांचवें, 2022 में 10वें स्थान पर रही जबकि 2023 में क्वालीफायर 2 में हारकर बाहर हो गई।
इसके बाद टीम प्रबंधन ने कप्तान बदलने का फैसला किया। हालांकि पंड्या की कप्तानी में भी मुंबई का प्रदर्शन बेहतर नहीं हुआ। टीम 2024 में 10वें और 2026 में नौवें स्थान पर रही। 2025 में टीम क्वालीफायर 2 तक पहुंची लेकिन इसके आगे नहीं बढ़ सकी। पंड्या की कप्तानी में लगातार तीसरे सत्र खिताब जीतने में नाकाम रहने के बाद यह साफ हो गया था कि मुंबई इंडियंस इस स्टार ऑलराउंडर को टीम से बाहर करने का फैसला कर सकती है। टीम प्रबंधन ने गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स सहित कई फ्रेंचाइजी के साथ ‘ट्रेड’ को लेकर बातचीत शुरू की। आखिरकार पंजाब किंग्स के साथ आपसी सहमति से खिलाड़ियों की अदला-बदली का समझौता हुआ। पंड्या के टीम से जाने के बाद मुंबई इंडियंस ने फिर से अपने सबसे सफल कप्तान रोहित की ओर रुख किया।
मुंबई इंडियंस के पास पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा जैसे अन्य विकल्प भी थे। लेकिन टीम प्रबंधन ने आखिरकार रोहित को कप्तान बनाने का फैसला किया जो ड्रेसिंग रूम में लोकप्रिय और सम्मानित खिलाड़ी हैं। मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी ने कहा कि मुंबई इंडियंस के 20वें सत्र का जश्न मनाते हुए रोहित को एक बार फिर टीम की कप्तानी करते देखना हम सभी के लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि रोहित ने पिछले कई वर्षों में हमें यादगार पल दिए हैं और मैं जानती हूं कि वह हमारी पलटन के लिए कितने मायने रखते हैं। मुझे उम्मीद है कि यह नया अध्याय उनके, हमारी टीम और मुंबई इंडियंस से प्यार करने वाले लाखों प्रशंसकों के लिए गर्व के कई और मौके लेकर आएगा। आकाश अंबानी ने भी रोहित की वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि आने वाले सत्र को लेकर हमारी बातचीत में इस बात को लेकर उत्साह और महत्वाकांक्षा साफ दिखाई दी कि हम मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं। रोहित की वापसी के साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम प्रबंधन में बदलाव की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है।
इससे पहले महिला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच बनाया गया था। जयवर्धने महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम के निदेशक बन गए हैं। जबकि आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में पूरी तरह बदलाव किया गया है। रॉबिन उथप्पा ने बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली है जबकि न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लेनाघन गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी देखेंगे। भारत के पूर्व क्षेत्ररक्षण कोच टी. दिलीप भी इसी भूमिका में मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। रोहित ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत डेक्कन चार्जर्स (पूर्व फ्रेंचाइजी) के साथ की थी।
उन्होंने अब तक 281 मैच में 7,329 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने 283 मैच में नौ शतक और 68 अर्धशतकों की मदद से 9,336 रन बनाए हैं। कप्तान के तौर पर भी रोहित का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 158 मैच में टीम की अगुवाई करते हुए 87 में जीत दिलाई है। हाल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिलाड़ी के तौर पर अपना करियर समाप्त करने वाले महेंद्र सिंह धोनी के नाम आईपीएल में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड है, उन्होंने अपनी अगुवाई में 235 मैच में से 136 में जीत हासिल की है। रोहित ने कुल 220 टी20 मैच में कप्तानी की है जिनमें से 140 में उनकी टीम को जीत मिली है।

















