लोकवाहिनी, संवाददाता:नेपाल। भारत की सीमा से लगे नेपाल के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक तनाव भड़क उठा है, जिसके चलते हाई अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय सीमा से सटे नेपाल के पर्सा और धनुषा जिलों में हालात बिगड़ने से पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारतीय सीमा भी सील कर दी गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटित हो।
धनुषा जिले के सखुआ मायान इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों ने मस्जिद में तोड़फोड़ की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद इलाके में सांप्रदायिक हिंसा का माहौल पैदा हो गया। इस हिंसा की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया।
पर्सा के बीरगंज में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। बीरगंज, जो बिहार के रक्सौल जिले के पास स्थित है, में भीड़ ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की। जिस पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति को काबू में किया। बीरगंज और रक्सौल सीमा के पास स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जिस कारण भारतीय अधिकारियों ने अपनी सीमा भी सील कर दी है।








