लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। कुशल मानव संसाधन, तेजी से विस्तारित हो रहा बाजार और विकसित औद्योगिक परिवेश के कारण महाराष्ट्र में जर्मन उद्योगों के लिए निवेश के बड़े अवसर हैं। इन अवसरों का लाभ उठाते हुए जर्मनी के उद्योग महाराष्ट्र में उत्पादन परियोजनाओं के साथ-साथ अनुसंधान एवं विकास केंद्र भी स्थापित करें। इन केंद्रों के माध्यम से वैश्विक बाजारों को सेवाएं प्रदान की जाएं। यह आह्वान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को किया। जर्मनी के लोअर सैक्सोनी राज्य के मंत्री-अध्यक्ष ओलाफ लाइज के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने यहां निवास पर मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक, आर्थिक और शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
इस साझेदारी को ठोस स्वरूप देने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और शैक्षणिक संस्थानों को शामिल करते हुए ‘महाराष्ट्र-लोअर सैक्सोनी संयुक्त कार्य समूह’ गठित करने का प्रस्ताव फडणवीस ने रखा। महाराष्ट्र और लोअर सैक्सोनी दोनों राज्यों की संयुक्त अर्थव्यवस्था लगभग एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की है। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी लगभग 15 प्रतिशत है। वहीं, देश में आने वाले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का लगभग एक तिहाई हिस्सा महाराष्ट्र में आता है। महाराष्ट्र ने वर्ष 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है। इस पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री ने जर्मन उद्योगों के लिए राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी।
मुंबई का वित्तीय और प्रौद्योगिकी क्षेत्र, पुणे का वाहन एवं इंजीनियरिंग उद्योग, नागपुर को परिवहन और औद्योगिक क्षमता तथा नासिक और छत्रपति संभाजीनगर के विनिर्माण समूह राज्य के विकास को गति दे रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण और प्रस्तावित वाधवण बंदरगाह से वैश्विक मूल्य श्रृंखला और निर्यात केंद्र के रूप में महाराष्ट्र की स्थिति और मजबूत होगी। बुनियादी ढांचे, उन्नत विनिर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, शिक्षा और मानव संसाधन विकास के क्षेत्रों में राज्य सरकार निवेश कर रही है, यह भी फडणवीस ने बताया। वाहन उद्योग और भविष्य की वाहन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में फोक्सवैगन महाराष्ट्र और लोअर सैक्सोनी के बीच एक महत्वपूर्ण औद्योगिक कड़ी है। चाकण स्थित उत्पादन सुविधाओं के आधुनिकीकरण और इलेक्ट्रिक एवं हाइब्रिड वाहनों के लिए नए निवेश कार्यक्रम को राज्य सरकार ने मंजूरी दी है। महाराष्ट्र को वाहन निर्माण, इंजीनियरिंग, उत्पाद विकास, परीक्षण और निर्यात के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।
सटीक इंजीनियरिंग, औद्योगिक स्वचालन, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, बैटरी, एयरोस्पेस और औद्योगिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्रों में भी सहयोग की संभावनाएं हैं। हरित ऊर्जा और औद्योगिक परिवर्तन के क्षेत्र में लोअर सैक्सोनी की विशेषज्ञता महाराष्ट्र के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। पवन ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, बैटरी प्रौद्योगिकी और कम कार्बन उत्सर्जन वाले इस्पात उत्पादन में दोनों राज्य संयुक्त परियोजनाएं शुरू कर सकते हैं। वर्ष 2047 तक राज्य के ऊर्जा मिश्रण में हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। हरित हाइड्रोजन और इससे जुड़े उत्पादों का वैश्विक उत्पादन एवं निर्यात केंद्र बनने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। हरित इस्पात, औद्योगिक कार्बन उत्सर्जन में कमी, ऊर्जा भंडारण, हरित अमोनिया और टिकाऊ ईंधन के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं हैं। जर्मन भाषा प्रशिक्षण, व्यावसायिक शिक्षा, योग्यता की मान्यता और पारदर्शी भर्ती के लिए भी संयुक्त कार्यक्रम चलाने की भूमिका मुख्यमंत्री ने रखी। मुख्यमंत्री ने नवी मुंबई में स्थापित की जा रही एजुसिटी में लोअर सैक्सोनी के विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों से भागीदारी करने का आह्वान किया। संयुक्त अनुसंधान कार्यक्रम, दोहरी डिग्री पाठ्यक्रम, उद्योग आधारित शिक्षा, विद्यार्थी आदान-प्रदान और महाराष्ट्र में शैक्षणिक परिसर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार आवश्यक सहयोग करेगी, ऐसा आश्वासन उन्होंने दिया।
मुंबई के मराठी लोगों को वहीं घर मिलने चाहिए
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों शुक्रवार को मुंबई में नागरी निवारा परिषद के अंतर्गत सहकारी आवास संस्थाओं को वर्ग-1 में परिवर्तित करने के आदेश वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नागरी निवारा परिषद की सराहना करते हुए कहा कि मुंबई के मराठी लोगों को मुंबई में ही रहने का अवसर मिले, इसके लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि गरीबों को घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नागरी निवारा परिषद कानून बनाया गया था। हालांकि, इसका दुरुपयोग भी हुआ, लेकिन उस समय कुछ अच्छे उदाहरण भी सामने आए। इसके तहत 625 परिवारों को घर मिले, जो हमारा एक सपना था। हमने यह निर्णय लेने के बाद मुंबई में 1600 परियोजनाएं पूरी कीं। मुंबई में जो लोग 300 से 350 वर्गफुट के घरों में रहते थे, उन्हें 1200 वर्गफुट तक के घर मिले। जब हमने स्वयं लोगों को घरों की चाबियां सौंपी और उनके घर देखे, तब इस योजना के महत्व का एहसास हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रयास किया कि मुंबई का मराठी व्यक्ति मुंबई में ही रहे। दक्षिण मुंबई के मिल मजदूरों को वसई, विरार और कर्जत तक जाना पड़ा था।


















