नागपुर। नागपुर विमानतल के समीप सोनेगांव क्षेत्र में सोमवार दोपहर 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। सोनेगांव तालाब के पास अमराई जंगल के सुनसान इलाके में हुई इस वारदात से शहर में खलबली मच गई है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, वह सोमवार को अपने मित्र के साथ अमराई जंगल के एक निर्जन हिस्से में बैठकर बातचीत कर रही थी। दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच एक अज्ञात आरोपी यहां पहुंचा। उसने युवती के मित्र के साथ मारपीट कर उसे यहां से भगा दिया और इसके बाद युवती के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। किसी को घटना के बारे में बताने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। इसके अलावा आरोपी उसका कीमती सामान छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मानसिक सदमे में रही युवती ने मंगलवार शाम परिवार के साथ सोनेगांव पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
आरोपी का रेखाचित्र तैयार करने की प्रक्रिया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अपराध शाखा को भी समानांतर जांच के निर्देश दिए गए हैं। पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी का रेखाचित्र तैयार किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रही है।


















