नागपुर। भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार, कर्तव्य और विभिन्न अधिकार प्रदान करता है। संविधान का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। विश्व के प्रत्येक देश का अपना संविधान है, लेकिन सभी देशों के संविधानों में भारतीय संविधान सर्वश्रेष्ठ है। यह प्रतिपादन जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने किया। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सामाजिक न्याय भवन में समाज कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद के हाथों हुआ। इस अवसर पर वे संबोधित कर रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान में ऐसी कोई घटना या परिस्थिति नहीं है, जिस पर विचार नहीं किया गया हो। आज दुनिया तेजी से बदल रही है और अनेक बड़ी चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसके बावजूद देश में किसी भी तरह की कठिन परिस्थिति उत्पन्न होने पर उसका सामना करने के रास्ते संविधान में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक व्यक्ति को अधिकारों के साथ कर्तव्य भी दिए हैं। इनका ईमानदारी से पालन करना और संविधान की रक्षा करना आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक संविधान का प्रामाणिकता से पालन करेगा तो देश अधिक सुरक्षित और सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलकिशोर फुटाणे, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर समता प्रतिष्ठान के प्रबंध निदेशक सुरेंद्र पवार, समाज कल्याण विभाग के प्रादेशिक उपायुक्त प्रसाद कुलकर्णी, अन्य पिछड़ा एवं बहुजन कल्याण विभाग के प्रादेशिक उपसंचालक विजय वाकुलकर, जिला जाति प्रमाणपत्र सत्यापन समिति के उपायुक्त मंगेश वानखेड़े, सहायक आयुक्त सुकेशिनी तेलगोटे, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुखदेव कोरटी और विशेष अधिकारी नंदकिशोर भुडके प्रमुखता से उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रस्तावना भाषण सहायक आयुक्त सुकेशिनी तेलगोटे ने दिया, जबकि संचालन शीतल गडलिंग ने किया।
बार्टी की विभिन्न गतिविधियों से मनाया गया संविधान दिवस
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संशोधन एवं प्रशिक्षण संस्था (बार्टी) की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार सुबह सामाजिक न्याय भवन परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति जनजागृति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। प्रास्तावना में बार्टी के अनिल बलके ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रबुद्ध रंगभूमि के संजय सायरे ने ‘मैं संविधान बोल रहा हूं’ शीर्षक से एकल नाट्य प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने संविधान निर्माण के इतिहास को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही संविधान की सुरक्षा के लिए सभी नागरिकों की प्रतिबद्धता आवश्यक होने का संदेश दिया। एकल नाट्य प्रस्तुति के बाद वरिष्ठ कवि ई. मो. नारनवरे की अध्यक्षता में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें आंबेडकरी विचारधारा के प्रसिद्ध कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों का संदेश दिया।
कवि सम्मेलन में हृदय चक्रेवर, लीलाधर गायकवाड, दिनकर मडकांडे, रंगराज गोस्वामी, डॉ. भूषणकुमार भस्मे, रंजना मैसारे, डॉ. जमील अंसारी, डॉ. वैशाली धनविजय, प्रतिभा सहारे, रजनी संभोये, सुषमा कलमकर, विशाखा नकारे, सुभाष मानपटकर, गौरव आलणे, विलास सेवाले, प्रकाश बावंगडे, डॉ. भोला सरवर, संजय गोंडघाटे, महेंद्र गायकवाड, सरिता सातर्डे, दीपाली चांदे, मंदा खंदारे, अशोक पमगाये, विद्या नांबोरे, दुर्गा मेश्राम, ज्योत्स्ना कसोट, वामन नील, नागेशराव सोनकुसरे, हरिहर बोरकर, प्रतिबाला बोरकर, सारिका जिलेकर और कुबाली वैद्य ने सहभाग लिया। कवि सम्मेलन का संचालन लीलाधर गायकवाड और मनोहर गजभिये ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नागेश वाहुवर्य ने किया।


















