संसदीय दल की बैठक में फैसला, इंडिया गठबंधन के साथ बनाएंगे रणनीति, स्टालिन और शरद पवार गुट को भी बुलाएंगे
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। संसद के सत्र से पहले कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर सांसदों की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे।
शुक्रवार को हुई कांग्रेस की बैठक में 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र की तैयारियों पर चर्चा की गई। परिसीमन और लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को लेकर पार्टी ने अपना रुख तय किया। बैठक के बाद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार परिसीमन विधेयक लाने की कोशिश कर रही है। शनिवार सुबह 11.30 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में अन्य विपक्षी दलों के साथ भी बैठक होगी। इसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और शरद पवार गुट को भी आमंत्रित किया जाएगा। हालांकि, शरद पवार की एनसीपी ने इस विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया है। गोगोई ने आरोप लगाया कि पहले एसआईआर के जरिए मोदी-शाह तय करते थे कि कौन वोट देगा और कौन नहीं, लेकिन अब परिसीमन के जरिए यह तय करना चाहते हैं कि कौन कहां वोट देगा और कहां नहीं। मोदी-शाह ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना रखा है। ऐसे में परिसीमन से वे जनता का क्या भला करेंगे? उन्होंने कहा कि जो दल एक ही दिन में 140 से अधिक सांसदों को निलंबित कर देता है और फिर कानून लाकर मुख्य चुनाव आयुक्त को कानूनी संरक्षण देता है, क्या उसकी मंशा सदन को सुचारु रूप से चलाने की है? भाजपा की मंशा संविधान बदलने की है।
कांग्रेस-शिवसेना ने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया
कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें उन्हें अगले सप्ताह होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।















