समस्तीपुर: बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शुक्रवार को समस्तीपुर की चुनावी रैली में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में कुप्रशासन की नींव उसी ने रखी, जिसने पहले खुद सत्ता चलाई, फिर चारा घोटाले में फंसने पर अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री कुर्सी पर बैठा दिया और आज वही अपने बेटे-बेटियों को सत्ता सौंपने की जुगत में जुटा है।
नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए तेजस्वी यादव और उनकी बहन मीसा भारती की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘आदतें नहीं बदलतीं। राजनीति का सपना सिर्फ परिवार की सेवा करने तक सीमित है।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित इस रैली में नीतीश ने जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को एक बार फिर भारी समर्थन देने की अपील की।
गठबंधन बदलने पर सफाई: गलतफहमी दूर की वापस सही रास्ते पर आया
मुख्यमंत्री ने उस दौर को याद किया जब उन्होंने कुछ समय के लिए राजद के साथ हाथ मिलाया था। नीतीश बोले, ‘‘मैंने गलती जल्दी समझ ली। मैं वापस उसी गठबंधन में आया, जिसका हिस्सा बनकर बिहार को आगे बढ़ाया।’’
उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने बिहार को नई पहचान दी है और केंद्र की मोदी सरकार ने हर जरूरत पर राज्य को सहयोग दिया है।
बिहार को फिर पीछे नहीं जाने देंगे: नीतीश
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राजग के शासन में
• कानून व्यवस्था मजबूत हुई
• बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ
• विकास की गति तेज हुई
नीतीश ने कहा, ‘‘बिहार अब पीछे मुड़कर नहीं देखेगा। जनता सुशासन चाहती है, न कि अराजकता और भ्रष्टाचार का दौर।’’
रैली के दौरान हजारों लोगों की भीड़ मौजूद रही और मोदी-नीतीश दोनों नेताओं ने विपक्ष को कठघरे में खड़ा करते हुए चुनावी अभियान की शुरुआत को और धार दी।











