कुरनूल (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश में बेंगलुरु जा रही एक स्लीपर बस में लगी आग और हुई दुर्घटना के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कुरनूल पुलिस ने पुष्टि की है कि बस के नीचे आने वाली मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्ति – शिव शंकर और एरी स्वामी – नशे की हालत में थे। इस हादसे में 19 यात्रियों की मौत हो गई थी और यह दुर्घटना पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा 24 अक्टूबर को चिन्ना टेकुरु गांव के पास हुआ। मोटरसाइकिल पहले ही एक अन्य दुर्घटना का शिकार हो चुकी थी, और बस के टकराने से यह वाहन बस के नीचे कुछ दूरी तक घिसटती रही। इस दौरान मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फट गई और आग लग गई।
कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने बताया, ‘‘फोरेंसिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दोनों मोटरसाइकिल सवार नशे में थे।’’ पुलिस को पहले से संदेह था, लेकिन फोरेंसिक साक्ष्यों की पुष्टि का इंतजार किया गया।
घटना से पहले शिव शंकर और स्वामी रात लगभग दो बजे लक्ष्मीपुरम गांव से तुग्गली गांव के लिए निकले थे। रास्ते में वे पेट्रोल पंप पर रुके, जहां एक वीडियो में शंकर लापरवाही से बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। इसके कुछ ही देर बाद बाइक फिसली और शंकर डिवाइडर से टकराकर मौके पर ही निधन हो गया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल ने बताया, ‘‘स्वामी ने शंकर को सड़क से हटाने की कोशिश की, लेकिन तभी बस तेजी से आई और बाइक को कुचलते हुए कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई।’’ लगातार हुई दो दुर्घटनाओं और बस में लगी भीषण आग के कारण स्वामी डर के मारे अपने पैतृक गांव तुग्गली भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर घटना की विस्तृत पूछताछ की।
पुलिस ने इस हादसे की जांच जारी रखी है और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन न करने और नशे में वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को जनता के बीच चेतावनी के रूप में पेश किया है।











