मनसर (नागपुर)। रामटेक-मनसर मार्ग पर स्थित जिमटोला मोड़ पर बुधवार रात लगभग 10:30 बजे एक भयानक बाइक हादसा हुआ, जिसमें 14 वर्षीय किशोर नुपुर प्रशांत वानखेड़े की मौत हो गई। घटना के समय वह अपने भाई गौरव नितेश बेहाड़े (20) के साथ बाइक पर सवार था।
जानकारी के अनुसार, नुपुर और गौरव मनसर से कैची खदान दुर्गा मंडल द्वारा आयोजित ऑर्केस्ट्रा देखने आ रहे थे। जैसे ही वे जिमटोला मोड़ के पास पहुंचे, बाइक अनियंत्रित होकर रोड के डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान नुपुर के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना रामटेक पुलिस को दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। घायल गौरव को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक नुपुर का शव रामटेक पोस्टमार्टम केंद्र ले जाकर पोस्टमार्टम कर परिजनों के हवाले किया गया।
रामटेक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सही वजह का पता लगाने के लिए सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने हादसे को लेकर चेतावनी दी है और डिवाइडर और सड़क सुरक्षा उपायों में सुधार की मांग की है।










