नंदुरबार। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रही एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज नंदुरबार के उप-जिला और सिविल अस्पतालों में चल रहा है।
यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे तलोदा थाना क्षेत्र के चांदसैली घाट खंड में हुआ। पुलिस के मुताबिक, मिनी ट्रक में करीब 40 यात्री सवार थे, जो एक तीर्थस्थल से लौट रहे थे। रास्ता घुमावदार था और चालक विलास देसले वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक खाई में जा गिरा।
हादसे में गई 8 लोगों की जान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान गणेश भील, भूषण गोसावी, पवन मिस्त्री, बापू धनगर, चेतन पाटिल, योगेश ठाकरे, राहुल मिस्त्री और हीरालाल भील के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। मौके पर दमकल विभाग और बचाव दल ने राहत अभियान चलाया। ट्रक के मलबे में फंसे कई लोगों को घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
चालक पर मामला दर्ज
नंदुरबार पुलिस ने चालक विलास देसले के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि चालक भी घायल है और उसका इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने जांच के आदेश दिए
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों को राहत राशि देने पर चर्चा की जा रही है।
स्थानीय विधायक और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
यह हादसा राज्य में तेज रफ्तार वाहनों और खराब सड़कों से होने वाले लगातार बढ़ते सड़क हादसों की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करता है।










