लोकवाहिनी, संवाददाता:सुकमा। सुकमा जिले के भेज्जी- चिंतागुफा सीमावर्ती तुमालपाड़ जंगल में रविवार सुबह डीआरजी टीम और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में, सुरक्षा बलों ने 15 लाख के इनामी तीन नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें कुख्यात जनमिलिशिया कमांडर और स्नाइपर स्पेशलिस्ट माड़वी देवा भी शामिल है। मुठभेड़ स्थल से 303 राइफल, बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लाँचर्स) और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण के अनुसार माओवादियों की मौजूदगी की विश्वसनीय सूचना मिलने पर डीआरजी की टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा था। अभियान के दौरान सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रूक-रूकर गोलीबारी हुई। बाद में सर्चिंग में तीनों माओवादियों के शव बरामद किए गए। मारे गए तीनों माओवादियों की पहचान माड़वी देवा, पोडियम गंगी और सोड़ी गंगी के रूप में हुई है। तीनों पर पाँच-पाँच लाख रुपये का इनाम था। माड़वी देवा निर्दोष ग्रामीणों की हत्या, हमलों की साजिश और स्नाइपर वारदातों का मुख्य आरोपी था।











