लोकवाहिनी, संवाददाता-अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर वैदिक मंत्रोच्चार और ‘जय श्री राम’ के नारों की गूंज के बीच ध्वज फहराया। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पर ध्वजारोहण के मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज अयोध्या नगरी भारत की सांस्कृतिक चेतना के एक और उत्कर्ष बिंदु की साक्षी बन रही है। आज संपूर्ण भारत, संपूर्ण विश्व राममय है। हर रामभक्त के हृदय में अद्वितीय संतोष, असीम कृतज्ञता है, अपार, अलौकिक आनंद है। सदियों के घाव भर रहे हैं। सदियों की वेदना आज विराम पा रही है। सदियों का संकल्प आज सिद्धि को प्राप्त हो रहा है। आज उस यज्ञ की पूर्णाहूति है, जिसकी अग्नि 500 वर्ष तक प्रज्वलित रही। जो यज्ञ एक पल भी आस्था से डिगा नहीं, एक पल भी विश्वास से टूटा नहीं। ये ध्वज… संघर्ष से सृजन की गाथा, सदियों से चले आ रहे स्वप्नों का साकार स्वरूप है।
ये ध्वज… संतों की साधना और समाज की सहभागिता की सार्थक परिणति है। ये धर्मध्वजा केवल एक ध्वजा नहीं, ये भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण का भारतीय इस का भगवा रंग, इस पर रचित सूर्यवंश की स्वर्णा, वर्णित ॐ शब्द और अंकित कोविद वृक्ष रामराज्य की कीर्ति को प्रतिरूपित करता है। ये धर्मध्वज प्रेरणा बनेगा कि प्राण जाए, पर वचन न जाए अर्थात् जो कहा जाए, वही किया जाए। ये धर्मध्वज संदेश देगा- कर्मप्रधान विश्व रचिय अर्थात् विश्व में कर्म और कर्तव्य की प्रधानता हो। ये धर्मध्वज कामना करेगा- बैर न बिग्रह आस न त्रासा, सुखमय ताहि सदा सब आसा, यानी भेदभाव, पीड़ा, परेशानी से मुक्ति और समाज में शांति एवं सुख हो।
इससे पहले प्रधानमंत्री आज सुबह अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और फिर वहाँ से उनके वाहनों का काफिला रोड-शो के रूप में रामपथ की तरफ बढ़ा। पूरे मार्ग पर विशेष सजावट की गई थी। मंदिर परिसर जाते समय प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं समेत लोग रास्ते में दोनों ओर खड़े थे और उन पर फूल बरसा रहे थे। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर अयोध्यावासियों का अभिवादन किया।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, जब प्रधानमंत्री का काफिला धीमी गति से उनके पास से गुज़रा, तो सड़क किनारे कई लोग हाथ में राष्ट्रीय झंडा तो कुछ लोग कमल के निशान वाला भाजपा का झंडा लेकर खड़े थे। रास्ते में लगे लाउडस्पीकर पर ‘राम धुन’ बजाई जा रही थी। श्री राम मंदिर परिसर में राम दरबार पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी, आरएसएस प्रमुख भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्शन-पूजन व आरती की। यहाँ पुजारियों ने तीनों विशिष्टजनों को राम नामी गमछा ओढ़ाया व प्रसाद दिया। मोदी व भागवत ने विधि-विधान से रामलला का भी पूजन-अर्चन किया। इससे पहले अयोध्या पहुंचने पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।









